ट्रेन धीमी होते ही खिड़की के पास बैठी महिलाओं की चेन झपट लेता था शातिर स्नेचर, जीआरपी, आरपीएफ व सीआईबी की संयुक्त टीम ने पकड़ा
वाराणसी। ट्रेनों में खिड़की के पास बैठी महिलाओं को निशाना बनाकर सोने की चेन और मंगलसूत्र झपटने वाले शातिर चेन स्नेचर को जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपित की पहचान छित्तूपुर निवासी रतन डोम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपित ट्रेन के धीमी गति से चलते ही उसमें चढ़कर महिलाओं के गले से चेन या मंगलसूत्र झपट लेता था और घटना को अंजाम देने के बाद ट्रेन से कूदकर फरार हो जाता था।

जीआरपी कैंट के प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर ने बताया कि रतन डोम शातिर चेन स्नेचर है और उसका लंबा आपराधिक इतिहास है। वह विशेष रूप से ट्रेन की खिड़की वाली सीट पर बैठी महिलाओं को निशाना बनाता था। ट्रेन जब किसी स्टेशन या अन्य स्थान पर धीमी गति से चलती थी, तभी वह मौका देखकर ट्रेन में चढ़ जाता और महिलाओं के गले से आभूषण छीनकर कूदकर फरार हो जाता था।

संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 50 हजार 100 रुपये नकद और करीब 30 हजार रुपये कीमत का एक सोने का लॉकेट बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपित के खिलाफ पहले से 11 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं जीआरपी में पांच मामले पंजीकृत बताए गए हैं। सुरक्षाबल अब आरोपित से पूछताछ कर उसके गिरोह और पूर्व में की गई अन्य घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार रेलवे क्षेत्र में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चेकिंग और निगरानी लगातार बढ़ाई जा रही है। किसी तरह की दिक्कत होने पर तत्काल रेलवे हेल्पलाइन नंबर पर फोनकर सूचित करें।

