NEET 2026 में वाराणसी के आर्यन दुबे बने यूपी टॉपर, ऑल इंडिया में हासिल की सातवीं रैंक

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) 2026 के घोषित परिणाम में वाराणसी के होनहार छात्र आर्यन दुबे ने शानदार सफलता हासिल करते हुए उत्तर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। आर्यन ने 720 अंकों में से 710 अंक अर्जित कर ऑल इंडिया रैंक (AIR) 7 हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, शिक्षकों और सहपाठियों में खुशी का माहौल है।

परिणाम घोषित होते ही आर्यन के घर बधाई देने वालों का तांता लग गया। परिजनों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर खुशी मनाई, जबकि शिक्षकों ने उनकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास को सफलता का आधार बताया। सहपाठियों ने भी आर्यन की उपलब्धि पर गर्व जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

123

अपनी सफलता का श्रेय आर्यन ने माता-पिता, शिक्षकों और नियमित अध्ययन को दिया। उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान सामने आए पेपर लीक विवाद से वह भी मानसिक रूप से प्रभावित हुए थे। उनका कहना है कि पेपर लीक की खबरों के बाद वह करीब चार से पांच दिन तक फ्रस्ट्रेशन में रहे और दोबारा पढ़ाई की लय पकड़ने में कठिनाई हुई। एक ही विषय को दोबारा पढ़ने और उसी रूटीन को बनाए रखना उनके लिए चुनौती बन गया था। आर्यन ने बताया कि ऐसे समय में उनके माता-पिता और शिक्षकों ने उनका मनोबल बढ़ाया और नियमित दिनचर्या बनाए रखने के लिए लगातार प्रेरित किया। इसी सकारात्मक सहयोग के कारण वह दोबारा पूरी एकाग्रता के साथ तैयारी में जुट सके।

NEET अभ्यर्थियों को संदेश देते हुए आर्यन ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में हौसला नहीं टूटने देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन में कठिन परिस्थितियां आती हैं, लेकिन धैर्य, आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत से हर चुनौती को पार किया जा सकता है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि अफवाहों या विपरीत परिस्थितियों से निराश होने के बजाय अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखें। आर्यन की इस उपलब्धि ने न केवल वाराणसी बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हजारों छात्रों को भी नई प्रेरणा मिली है।

Share this story