विस चुनाव 2027 के लिए अपना दल एस ने तेज की तैयारी, 60 विधानसभा सीटों पर दावा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अपना दल (एस) ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने उत्तर प्रदेश की करीब 60 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा ठोका है। पार्टी के प्रदेश महासचिव अरविंद सिंह पटेल ने कहा कि अपना दल (एस) पिछड़े, गरीब, मजदूर और वंचित वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाने का काम कर रहा है। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर पीडीए के नाम पर लोगों को छलने का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछड़ों की वास्तविक हितैषी अनुप्रिया पटेल हैं।

उन्होंने बताया कि अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल आगामी छह सितंबर को देवरिया पहुंचेंगी। यहां वह कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होकर पूर्वांचल के पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों से संवाद करेंगी। विधानसभा चुनाव को देखते हुए उनके दौरे को संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अरविंद सिंह पटेल ने बताया कि अनुप्रिया पटेल के कार्यक्रम को लेकर देवरिया के साथ कुशीनगर, गोरखपुर, बलिया समेत पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में कार्यकर्ताओं की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के पहुंचने की संभावना है। पार्टी पदाधिकारी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियों में जुटे हैं।

प्रदेश महासचिव ने कहा कि अनुप्रिया पटेल कमेरावादी विचारधारा के साथ गरीबों, मजदूरों और वंचित वर्गों के हितों की आवाज उठाती रही हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके नेतृत्व में पार्टी लगातार संगठन को मजबूत कर रही है। देवरिया में राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यकर्ताओं की ओर से भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छह सितंबर का सम्मेलन केवल स्वागत कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके जरिए आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन की जमीनी तैयारियों का भी जायजा लिया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी जाएगी।

अरविंद सिंह पटेल ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में अपना दल (एस) अपने संगठनात्मक प्रभाव और सामाजिक आधार के अनुरूप मजबूत दावेदारी पेश करेगा। करीब 60 सीटों पर पार्टी की नजर है। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल में कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाई जा रही है और आने वाले दिनों में संगठन को और विस्तार दिया जाएगा।

Share this story