पिंडरा में अपना दल (कमेरावादी) का शक्ति प्रदर्शन, पल्लवी पटेल ने 2027 चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं में भरा जोश

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। पिंडरा विधानसभा क्षेत्र स्थित एक लॉन में शनिवार को अपना दल (कमेरावादी) की ओर से आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में संगठन विस्तार और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर जोर दिया गया। सम्मेलन में पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पल्लवी पटेल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता को अभी से पूरी सक्रियता के साथ जनता के बीच काम करना होगा।

123

कार्यक्रम की शुरुआत पल्लवी पटेल ने गौतम बुद्ध, छत्रपति शाहू जी महाराज, महात्मा ज्योतिराव फुले, भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर और डॉ. सोनेलाल पटेल सहित अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ की। इसके बाद उन्होंने सम्मेलन का विधिवत शुभारंभ किया। सम्मेलन के दौरान अपना दल (एस) के कई कार्यकर्ताओं ने अपना दल (कमेरावादी) की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी नेताओं ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए इसे संगठन के विस्तार और आगामी चुनावी तैयारियों के लिए महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में प्रदेश, जिला, सेक्टर और ग्राम स्तर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

पल्लवी पटेल ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की वास्तविक ताकत उसके बूथ स्तर के कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी वर्ष 2022 से ही 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी हुई है और अब संगठन को गांव-गांव तक और अधिक सशक्त बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने और पार्टी की नीतियों तथा सामाजिक न्याय के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की।

123

पल्लवी पटेल ने केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को युवाओं के संघर्ष और लोकतांत्रिक दबाव की जीत बताया। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं की आवाज को लंबे समय तक नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और लोकतंत्र में जनता की भावनाओं का सम्मान होना चाहिए। सम्मेलन में सुरेश टाइगर, राधेश्याम पाल, पंकज सेठ, बलराम यादव, उमेश मौर्य, रामजीत पाल, गगन यादव, संजय पाल, श्यामजी यादव तथा वाराणसी जिलाध्यक्ष संजय पटेल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this story