सिलाई मशीन और लैपटॉप पाकर खिले बेटियों के चेहरे, अन्नपूर्णा ट्रस्ट ने दिखाई स्वावलंबन की राह
काशी अन्नपूर्णा अन्नक्षेत्र ट्रस्ट के 15वें सत्र का समारोह, प्रशिक्षित छात्राओं को प्रमाण-पत्र और रोजगारपरक संसाधन वितरित
वाराणसी। धर्म और संस्कृति की नगरी काशी में बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काशी अन्नपूर्णा अन्नक्षेत्र ट्रस्ट की पहल ने एक बार फिर कई परिवारों के सपनों को नई उड़ान दी। ट्रस्ट की ओर से संचालित सिलाई-कढ़ाई एवं कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र के 15वें सत्रांत पर वर्ष 2026 का सिलाई मशीन, लैपटॉप एवं प्रमाण-पत्र वितरण समारोह आर्य महिला पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज, चेतगंज में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण पूरा करने वाली छात्राओं को जब सिलाई मशीन, लैपटॉप और प्रमाण-पत्र मिले तो उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम की शुरुआत ट्रस्ट परिवार के एक सदस्य के पुत्र के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखकर की गई। इसके बाद वैदिक एवं पौराणिक मंगलाचरण के बीच समारोह का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि शहर दक्षिणी के विधायक एवं पूर्व धर्मार्थ मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी, महंत शंकरपुरी और अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित किया। ट्रस्ट परिवार की ओर से अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।

बेटियों को हुनरमंद बनाना सच्ची राष्ट्र सेवा
मुख्य अतिथि डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि बेटियों को हुनरमंद बनाना ही सच्ची राष्ट्र सेवा है। काशी अन्नपूर्णा अन्नक्षेत्र ट्रस्ट पिछले 15 वर्षों से जिस निष्ठा के साथ बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कर रहा है, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
महंत शंकरपुरी ने आशीर्वचन देते हुए कहा कि अन्नपूर्णा की नगरी में अन्न के साथ संस्कार और स्वावलंबन का दान भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। छात्राओं को दी जा रही सिलाई मशीनें उनके परिवारों के उज्ज्वल भविष्य की नींव बनेंगी और उन्हें अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर देंगी।

जरूरतमंदों को मशीन, मेधावियों को लैपटॉप
समारोह में प्रशिक्षण पूरा करने वाली छात्राओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। मेधावी छात्राओं को लैपटॉप और जरूरतमंद छात्राओं को निशुल्क सिलाई मशीनें प्रदान की गईं। इन संसाधनों से छात्राएं स्वरोजगार शुरू करने और अपनी आय बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगी।
इस अवसर पर ट्रस्ट के एडमिनिस्ट्रेटर के. जनार्दन शर्मा, ट्रस्टी आशीष जिंदल, प्रो. रामनारायण द्विवेदी, आर्य महिला पीजी कॉलेज की प्राचार्या रचना दुबे, शशिकांत दीक्षित सहित कई गणमान्य नागरिक, शिक्षिकाएं और छात्राएं उपस्थित रहीं। आयोजन में काशी मिश्रा, प्रदीप श्रीवास्तव और राकेश तोमर समेत अन्य लोगों का सहयोग रहा।


