गैस सिलेंडर मिलने के बाद शुरू हुई अन्नपूर्णा रसोई, भक्तों को मिला प्रसाद

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बॉसफाटक स्थित अन्नपूर्णा अन्न क्षेत्र की दूसरी शाखा में गैस ईंधन की कमी के कारण शनिवार को प्रसाद वितरण अस्थायी रूप से बंद हो गया था। हालांकि प्रशासन की ओर से सिलेंडर उपलब्ध कराए जाने के बाद रविवार से दोबारा रसोई शुरू हो गई और भक्तों में भोजन प्रसाद का वितरण शुरू हो गया। इससे भक्तों में खुशी देखने को मिली। 

बताया जा रहा है कि गैस सिलेंडर की उपलब्धता न होने के कारण शनिवार की शाम से अन्नक्षेत्र में भोजन प्रसाद बनना बंद हो गया था। इस कारण बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को प्रसाद नहीं मिल पाया, जिससे उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। अन्नक्षेत्र में रोजाना लगभग 25 से 30 हजार श्रद्धालुओं को निशुल्क भोजन प्रसाद उपलब्ध कराया जाता है।

मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अन्नक्षेत्र के लिए गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए गए। इसके बाद रविवार से फिर से भोजन प्रसाद बनाने और श्रद्धालुओं में वितरण की व्यवस्था बहाल कर दी गई। रविवार सुबह से ही अन्नक्षेत्र में प्रसाद पाने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। प्रसाद प्राप्त करने के बाद भक्तों ने “जय मां अन्नपूर्णा” के जयकारे भी लगाए। श्रद्धालुओं ने प्रशासन द्वारा समय पर व्यवस्था बहाल किए जाने पर संतोष जताया।

Share this story