काशी विश्वनाथ और अन्नपूर्णा मंदिर में अनंत अंबानी ने टेका मत्था, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन कर लिया आशीर्वाद
21 ब्राह्मणों ने मंत्रोच्चार कर किया स्वागत, बाबा विश्वनाथ और मां अन्नपूर्णा का लिया आशीर्वाद
वाराणसी। उद्योगपति मुकेश अंबानी के पुत्र अनंत अंबानी ने सोमवार को धर्मनगरी काशी पहुंचकर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और मां अन्नपूर्णा मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बाबा विश्वनाथ और मां अन्नपूर्णा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
अनंत अंबानी के अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचने पर विशेष स्वागत की व्यवस्था की गई थी। मंदिर परिसर में 21 ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रों के उच्चारण के साथ उनका स्वागत किया। मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मंदिर में उनका अभिनंदन किया गया। इसके बाद उन्होंने मां अन्नपूर्णा के दरबार में मत्था टेककर सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।
वहीं, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर अनंत अंबानी ने बाबा विश्वनाथ का दर्शन किया और विधिवत पूजन-अर्चन किया। मंदिर में दर्शन के दौरान उन्होंने काशी की धार्मिक और आध्यात्मिक परंपरा के अनुरूप पूजा-अर्चना की। अनंत अंबानी के काशी आगमन को लेकर मंदिर परिसर में विशेष व्यवस्था रही। उनके दर्शन-पूजन के दौरान श्रद्धालुओं और मंदिर से जुड़े लोगों में उत्सुकता देखने को मिली।

