अनंत अंबानी ने बाबा विश्वनाथ और मां अन्नपूर्णा के दरबार में लगाई हाजिरी, पूजन-अर्चन कर लिया आशीर्वाद
वाराणसी। देश के प्रमुख उद्योगपति अनंत अंबानी मंगलवार को धार्मिक यात्रा के दौरान काशी पहुंचे और बाबा विश्वनाथ तथा माँ अन्नपूर्णा के दरबार में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उनके आगमन को लेकर मंदिर परिसर में विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं।
सबसे पहले अनंत अंबानी ने श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन किया। मंदिर के अर्चकों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उनका सविधि पूजन कराया। दर्शन के बाद वे अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचे, जहां मां भगवती की विशेष आराधना की गई।

मां अन्नपूर्णा मंदिर के गर्भगृह में 21 ब्राह्मण अर्चकों ने वैदिक मंत्रों के साथ विशेष कुमकुम पूजन संपन्न कराया। पूजन के दौरान अनंत अंबानी ने माँ अन्नपूर्णा को पुष्पमाला अर्पित कर परिवार एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना की। धार्मिक अनुष्ठान के पश्चात उन्होंने मंदिर के महंत शंकरपुरी महाराज से भेंट कर मंदिर द्वारा संचालित सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा कार्यों की जानकारी प्राप्त की।

महंत शंकरपुरी जी महाराज ने उन्हें प्रसाद स्वरूप मां अन्नपूर्णा की चुनरी, स्फटिक माला तथा स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यों की जानकारी सुनकर अनंत अंबानी ने प्रसन्नता व्यक्त की। काशी प्रवास के दौरान उनकी सादगी, धार्मिक आस्था और विनम्र व्यवहार ने श्रद्धालुओं का भी ध्यान आकर्षित किया। इस अवसर पर मंदिर परिवार के सदस्य एवं प्रदीप श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



