आनंद काशी टाउनशिप में होंगी चार तरह की सड़कें, सुगम यातायात की होगी व्यवस्था
वाराणसी। काशी में प्रस्तावित टाउनशिप को आधुनिक सुविधाओं से विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। वीडीए की ओर से कल्याणपुर में विकसित की जाने वाली काशी आवासीय टाउनशिप में चार तरह की सड़कें बनाई जाएंगी। इनके माध्यम से आवासीय क्षेत्र में बेहतर यातायात व्यवस्था के साथ आमजन को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।
प्रस्तावित टाउनशिप में 24, 18, 12 और नौ मीटर चौड़ी सड़कें विकसित की जाएंगी। इसके अलावा जलापूर्ति, सीवेज, विद्युत, वर्षा जल निकासी समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा। चौड़ी सड़कों के निर्माण से यातायात व्यवस्था बेहतर होने और स्थानीय लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
परियोजना के तहत टाउनशिप का कुल प्रस्तावित क्षेत्रफल करीब 250 एकड़ है। पहले चरण में 150 एकड़ क्षेत्रफल में विकास कार्य कराया जाएगा। इसकी अनुमानित लागत 1110 करोड़ रुपये बताई गई है। पहले चरण में 1,004 आवासीय प्लॉट विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा ग्रुप हाउसिंग, व्यावसायिक, शैक्षणिक और स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए भी जमीन निर्धारित की जाएगी।
टाउनशिप में पार्क और नर्सरी की भी व्यवस्था प्रस्तावित है। वहीं वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त स्थान रखा जाएगा। वीडीए की योजना के अनुसार टाउनशिप को आधुनिक और व्यवस्थित तरीके से विकसित किया जाएगा, जिससे लोगों को आवास के साथ आवश्यक सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हो सकें।
टाउनशिप में बेहतर यातायात के लिए चार प्रमुख श्रेणियों की सड़कें प्रस्तावित की गई हैं। इसके साथ ही आवासीय क्षेत्र में पैदल आवाजाही और अन्य जरूरी सुविधाओं का भी ध्यान रखा जाएगा। अधिकारियों के अनुसार परियोजना के आकार और सुविधाओं को देखते हुए काशी में यह एक महत्वपूर्ण आवासीय विकास परियोजना साबित हो सकती है।

