IIT-BHU में गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन धरना शुरू, लंबित मांगों पर आर-पार की लड़ाई की दी चेतावनी

123
WhatsApp Channel Join Now

 

 

 

10 दिन का अल्टीमेटम खत्म होने के बाद भी निर्णय नहीं, निदेशक कार्यालय के बाहर प्रदर्शन, वित्तीय उन्नयन से आवास और पदोन्नति तक की मांगें

 

वाराणसी। आईआईटी बीएचयू में गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों का धैर्य जवाब दे गया है। लंबे समय से लंबित मांगों पर संस्थान प्रशासन की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिए जाने से नाराज कर्मचारियों ने निदेशक कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। गैर-शैक्षणिक कर्मचारी अंतरिम फोरम के बैनर तले शुरू हुए इस आंदोलन में कर्मचारियों ने प्रशासन पर उपेक्षा और टालमटोल का आरोप लगाते हुए मांगों के समाधान तक संघर्ष जारी रखने का ऐलान किया है।

 

फोरम के अनुसार, कर्मचारी पिछले आठ से 14 वर्षों से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। इस संबंध में प्रशासन को तीन अगस्त, 19 अगस्त, एक सितंबर, 11 सितंबर और 16 सितंबर को मांग-पत्र सौंपे गए थे। इसके बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। कर्मचारियों का कहना है कि प्रशासन को 10 दिनों का अल्टीमेटम दिए जाने के बाद भी कोई सकारात्मक निर्णय सामने नहीं आया। इससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ गया और उन्हें धरने का रास्ता अपनाना पड़ा।

123

 

वित्तीय उन्नयन और पदोन्नति प्रमुख मांग
कर्मचारियों की प्रमुख मांग है कि कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) के नियमों के अनुरूप सभी संवर्गों को नियत तिथि से वित्तीय उन्नयन का लाभ दिया जाए। इसके अलावा मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों की पदोन्नति में लिखित परीक्षा की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग उठाई गई है। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से लंबित इन मामलों का जल्द निस्तारण किया जाना चाहिए।

123

 

आवास और उच्च शिक्षा की सुविधा पर जोर
फोरम ने कर्मचारियों के लिए आवास की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया है। इसके समाधान के लिए काशी हिंदू विश्वविद्यालय प्रशासन के समन्वय से जमीन चिह्नित कर नए आवासों का निर्माण शुरू कराने की मांग की गई है। वहीं, नए कर्मचारियों को उच्च शिक्षा ग्रहण करने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) देने की प्रक्रिया को सरल और भेदभाव रहित बनाने की मांग भी शामिल है।

123

 

दैनिक वेतनभोगियों के भविष्य पर नीति बनाने की मांग
कर्मचारियों ने संस्थान में लंबे समय से कार्यरत दैनिक वेतनभोगियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए स्पष्ट नीति बनाने, सेवानिवृत्त एवं वर्तमान कर्मचारियों की स्थानीय समस्याओं के समाधान हेतु स्थायी समिति गठित करने तथा कर्मचारी-छात्र अनुपात बनाए रखने की मांग की है। साथ ही, प्रशासनिक स्तर पर कर्मचारियों के कथित शोषण पर रोक लगाने और केंद्रीय स्वायत्त संस्थानों के अनुरूप कर्मचारी हित में निर्णय लेने की अपील की गई है। फोरम ने निदेशक से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर मांगों का समाधान करने का अनुरोध किया है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। हालांकि, इन आरोपों और मांगों पर संस्थान प्रशासन की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

BK Pathak
BK Pathak

21186 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story