शिक्षक भर्ती में आरक्षण की गड़बड़ी का आरोप, संजय सिंह बोले- कोर्ट का आदेश लागू करे सरकार

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने 68500 शिक्षक भर्ती में ओबीसी अभ्यर्थियों के आरक्षण को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन पर सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछड़े वर्ग के अभ्यर्थियों के आरक्षण में गड़बड़ी की गई थी। इस मामले को उन्होंने संसद में भी उठाने का दावा किया और कहा कि आम आदमी पार्टी ने इस मुद्दे पर सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ी है।

वाराणसी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संजय सिंह ने कहा कि 68500 शिक्षक भर्ती में ओबीसी विद्यार्थियों के साथ हुए कथित अन्याय का समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले में कोर्ट का आदेश आ चुका है और उसे लागू करवाने की जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की है। सरकार को न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए प्रभावित अभ्यर्थियों को उनका अधिकार देना चाहिए।

संजय सिंह ने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में सरकार की दादागिरी चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आरक्षण के मुद्दे को लेकर पूरे देश में विवाद और झगड़ा करवाना चाहती है। उन्होंने कहा कि आरक्षण सामाजिक न्याय से जुड़ा विषय है और इसके साथ किसी भी तरह की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जा सकती।

प्रदेश प्रवक्ता पर मुकदमे को लेकर भी नाराजगी
वाराणसी में आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता के खिलाफ दर्ज मुकदमे को लेकर भी संजय सिंह ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पार्टी जनहित से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और मुकदमों से उसकी आवाज दबने वाली नहीं है।

एक महीने के लिए ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान स्थगित
संजय सिंह ने पार्टी के ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान को लेकर भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से सरकारी स्कूलों को दुरुस्त करने के लिए फंड जारी किया गया है। इस धनराशि से स्कूलों की स्थिति सुधारने के लिए उन्होंने सरकार को एक महीने का समय दिया है।

उन्होंने कहा कि फिलहाल अभियान को एक महीने के लिए स्थगित किया गया है। इस अवधि में सरकार को स्कूलों की बदहाल स्थिति सुधारने का अवसर दिया जा रहा है। यदि एक महीने के भीतर स्कूलों की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो आम आदमी पार्टी दोबारा ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान शुरू करेगी और सरकार को जवाबदेह बनाएगी।

Share this story