काशी में खुले में कूड़ा फेंकने वाले सभी स्थान होंगे खत्म, स्वच्छता रैंकिंग में नंबर वन लाने का लक्ष्य

WhatsApp Channel Join Now

नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने अधिकारियों को दिए निर्देश, 2161 करोड़ की सीवर-पेयजल परियोजना में तेजी लाने के लिए बढ़ेगी मैनपावर

वाराणसी। काशी को स्वच्छता, सुंदरीकरण और बुनियादी सुविधाओं के मामले में देश के अग्रणी शहरों में शामिल करने के लिए नगर विकास विभाग ने कवायद तेज कर दी है। शनिवार को प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने सर्किट हाउस में नगर निगम, जलनिगम और जलकल विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि काशी को स्वच्छता सर्वेक्षण में पहले स्थान पर लाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएं। शहर में खुले में कूड़ा फेंकने वाले सभी स्थानों यानी गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट (जीवीपी) को पूरी तरह समाप्त किया जाए।

स्वच्छता सर्वेक्षण में बेस्ट गंगा टाउन श्रेणी में वाराणसी को तीसरा स्थान मिलने पर मंत्री ने असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि अगली बार काशी को पहले स्थान पर पहुंचाना है। इसके लिए एक विशेष समिति गठित कर उन कमियों की पहचान की जाए, जिनके कारण शहर शीर्ष स्थान हासिल नहीं कर सका। चिह्नित कमियों को प्राथमिकता से दूर कर शहर को स्वच्छ बनाया जाए।

123

नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारि ने बताया कि शहर में 14 पोर्टेबल कांपेक्टर ट्रांसफर स्टेशन (पीसीटीएस) संचालित हैं, जबकि चार का निर्माण कार्य चल रहा है। इनके तैयार होने के बाद सभी जीवीपी समाप्त किए जा सकेंगे। बीएलडब्ल्यू में नए ट्रांसफर स्टेशन के निर्माण की जानकारी पर मंत्री ने संतोष जताया और ऋषि मांडवी जोन में भी एक ट्रांसफर स्टेशन बनाने का निर्देश दिया।

सीवर-पेयजल परियोजना में तेजी लाने के निर्देश
बैठक में महापौर अशोक कुमार तिवारी ने जलनिगम की धीमी कार्यप्रणाली का मुद्दा उठाया। उन्होंने सीवर पाइपलाइन बिछाने के कार्य में हो रही देरी से आम नागरिकों को होने वाली परेशानियों से मंत्री को अवगत कराया। इस पर मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वयं स्थिति देखने और नगर आयुक्त को कार्यों का परीक्षण करने का निर्देश दिया।

उन्होंने 2161 करोड़ रुपये की लागत से 22 वार्डों में संचालित सीवर एवं पेयजल परियोजना को जल्द पूरा कराने के लिए मैनपावर बढ़ाने को कहा। साथ ही निर्देश दिया कि जहां भी खुदाई का कार्य किया जाए, वहां पाइपलाइन बिछाने के बाद तत्काल मिट्टी भराई और सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि आवागमन प्रभावित न हो।

सुंदरीकरण के साथ यातायात पर भी ध्यान
मंत्री ने कहा कि चौराहों और तिराहों का सुंदरीकरण इस तरह किया जाए कि यातायात व्यवस्था बाधित होने के बजाय और सुगम बने। सीएम ग्रिड योजना के तहत निर्माणाधीन सभी छह सड़कों को शीघ्र पूरा कराने, पार्कों और डिवाइडरों को हरा-भरा रखने तथा नगर निगम के खराब वाहनों को वर्कशॉप में जल्द दुरुस्त कर संचालन में लाने के निर्देश दिए। बैठक में लिगेसी वेस्ट के निस्तारण, रमना और करसड़ा प्लांट की कार्यप्रणाली तथा डूडा के आवासों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। 

इस दौरान अपर नगर आयुक्त बरखा सिंह, संयुक्त नगर आयुक्त एवं जोनल अधिकारी कृष्णचंद्र, डूडा परियोजना अधिकारी निधि वाजपेयी, इंद्र विजय, मृत्युंजय नारायण मिश्रा, पवन कुमार गुप्ता, मुन्नालाल राम, जलनिगम के प्रोजेक्ट मैनेजर कमल सिंह, जोनल स्वच्छता अधिकारी संदीप भार्गव, क्षितिज कुमार मिश्रा, राजीव कुमार, जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

BK Pathak
BK Pathak

22085 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story