प्रधानमंत्री के वाराणसी दौरे से पहले अलर्ट: पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी ने BLW में लिया सुरक्षा का जायजा
वाराणसी। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर काशी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने शुक्रवार को BLW स्थित कार्यक्रम स्थल का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और प्रशासनिक तैयारियों की व्यापक समीक्षा की।

प्रवेश-निकास और भीड़ नियंत्रण व्यवस्था पर विशेष फोकस
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल के प्रवेश एवं निकास द्वारों, आगमन-प्रस्थान मार्गों और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। बैरिकेडिंग, सुगम आवागमन और निर्बाध यातायात संचालन को सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

संवेदनशील स्थलों की जांच, CCTV और सुरक्षा तैनाती मजबूत करने के निर्देश
सुरक्षा के मद्देनजर संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर CCTV कवरेज और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया गया। साथ ही सुरक्षा कर्मियों की तैनाती को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके।
हेलीपैड से लेकर पार्किंग तक हर व्यवस्था की समीक्षा
अधिकारियों ने हेलीपैड, पार्किंग एरिया, वीवीआईपी एंट्री, ड्रॉपिंग जोन और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए हर बिंदु पर विशेष ध्यान दिया गया।

शहर में लागू होगा विशेष ट्रैफिक प्लान
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर विशेष यातायात योजना लागू की जाएगी। डायवर्जन, बैरिकेडिंग और पार्किंग प्रबंधन के साथ-साथ आपातकालीन मार्गों को सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

अधिकारियों के बीच समन्वय पर जोर
संयुक्त बैठक में पुलिस आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय, त्वरित संचार व्यवस्था और स्पष्ट जिम्मेदारी तय करने पर जोर दिया, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

