अखिलेश के बेटे अर्जुन और बेटी टीना पहुंचे काशी, बाबा विश्वनाथ और संकटमोचन मंदिर में किया दर्शन-पूजन, समर्थकों में उत्साह
वाराणसी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के पुत्र अर्जुन यादव और पुत्री टीना यादव रविवार को काशी पहुंचे। उनका कार्यक्रम पूरी तरह धार्मिक रहा और इसे काफी हद तक गोपनीय रखा गया। शहर पहुंचने के बाद दोनों सबसे पहले श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा विश्वनाथ का विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।
अर्जुन यादव और टीना यादव होटल से सीधे समाजवादी पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा के साथ मंदिर पहुंचे। शुरुआत में उनके आगमन की जानकारी केवल कुछ चुनिंदा लोगों तक ही सीमित थी, लेकिन दर्शन के दौरान स्थानीय सपा कार्यकर्ताओं को इसकी सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में समर्थक मंदिर परिसर के बाहर पहुंचने लगे।
देखते ही देखते मंदिर के बाहर समर्थकों की भीड़ जुट गई। बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तत्काल सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली और सुरक्षा घेरे में अर्जुन यादव एवं टीना यादव को मंदिर परिसर से बाहर निकाला। इसके बाद उनका काफिला सीधे संकट मोचन हनुमान मंदिर पहुंचा, जहां दोनों ने बजरंगबली की पूजा-अर्चना की।

