रामनगर में अखिलेश यादव का लगाया आपत्तिजनक पोस्टर, सपाइयों में आक्रोश, प्रदर्शन और पोस्टर फाड़कर जताया विरोध, सौंपा पत्रक 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रामनगर स्थित पीएसी तिराहे पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ लगाए गए कथित आपत्तिजनक पोस्टर को लेकर रविवार को सपा कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पोस्टर फाड़कर अपना आक्रोश जताया और पुलिस से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

समाजवादी पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि यह घटना एक सुनियोजित राजनीतिक साजिश का हिस्सा है। उनका कहना था कि पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों और गरीबों की आवाज उठाने तथा PDA की राजनीति को मजबूत करने के कारण भाजपा और उससे जुड़े अराजक तत्व घबराए हुए हैं। इसी वजह से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।

सपा नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पहले स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर जनता को परेशान कर रही थी। पोस्टपेड स्मार्ट मीटर को प्रीपेड में बदलकर आम लोगों पर आर्थिक बोझ डालने का प्रयास किया गया, लेकिन जनता और समाजवादियों के विरोध के बाद सरकार को पीछे हटना पड़ा। नेताओं ने कहा कि अब राजनीतिक विरोधियों को बदनाम करने की नई साजिश रची जा रही है।

मामले की जानकारी मिलते ही महानगर अध्यक्ष पिछड़ा प्रकोष्ठ विवेक राकी, महिला सभा की महानगर अध्यक्ष संगीता पटेल और लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सौरभ आनंद के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। रामनगर पुलिस की मौजूदगी में पोस्टर हटाया गया और विरोध प्रदर्शन किया गया।

इसके बाद कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी। प्रदर्शन में मणिशंकर, इंजामुल खान, हमजा खान, मनीष यादव, उमेश यादव सहित समाजवादी पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this story