दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा की आरती में शामिल हुईं अखिलेश यादव की बेटी टीना और अदिती यादव, पढ़िए विजिटर बुक में क्या लिखा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। विश्व प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि द्वारा आयोजित होने वाली मां गंगा की दैनिक आरती में रविवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पुत्री टीना यादव, अदिति यादव तथा मछलीशहर की सांसद प्रिया सरोज शामिल हुईं। तीनों ने वैदिक विधि-विधान से मां गंगा का पूजन-अर्चन किया और श्रद्धा के साथ विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती का दर्शन किया। आरती की भव्यता और आध्यात्मिक वातावरण ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

a

विजिटर बुक में लिखा भावनात्मक संदेश
गंगा आरती के उपरांत टीना यादव ने गंगा सेवा निधि की विजिटर बुक में अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने लिखा, "भगवती मां गंगा की आरती ने मंत्रमुग्ध कर दिया। हम सभी को उनकी स्वच्छता के लिए कार्य करना चाहिए। भगवती मां गंगा मां स्वरूप हैं।" उनके इस संदेश को वहां मौजूद लोगों ने सराहा और गंगा स्वच्छता के प्रति सकारात्मक संदेश बताया।

a

करीब एक घंटे तक घाट पर रहीं मौजूद
टीना यादव, अदिति यादव और सांसद प्रिया सरोज ने लगभग एक घंटे तक दशाश्वमेध घाट पर प्रवास किया। इस दौरान उन्होंने घाट की धार्मिक परंपराओं और गंगा आरती की भव्यता को नजदीक से देखा। गंगा सेवा निधि के पदाधिकारियों ने उन्हें आरती की परंपरा और उसके महत्व की भी जानकारी दी।

a

गंगा सेवा निधि ने किया स्वागत
गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा और कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी ने अतिथियों का अंगवस्त्र, प्रसाद और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने मां गंगा के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनकी स्वच्छता और अविरलता बनाए रखने का संकल्प भी दोहराया।

Share this story