वाराणसी से मुंबई जाने वाले अकासा एयर यात्रियों के लिए राहत, एक अगस्त से टर्मिनल-2 से संचालित होंगी उड़ानें

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। वाराणसी से मुंबई की यात्रा करने वाले अकासा एयर के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। आगामी 1 अगस्त से अकासा एयर की वाराणसी–मुंबई उड़ानें छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (मुंबई) के टर्मिनल-2 से संचालित की जाएंगी। इस बदलाव के बाद यात्रियों को मुंबई पहुंचने पर टर्मिनल बदलने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे उनकी यात्रा अधिक सुविधाजनक और समय की बचत वाली बनेगी।

अब तक अकासा एयर की उड़ानें मुंबई के टर्मिनल-1 पर उतरती थीं। ऐसे में जिन यात्रियों को दूसरे एयरलाइंस की अंतरराष्ट्रीय या अन्य घरेलू उड़ानों के लिए टर्मिनल-2 जाना होता था, उन्हें टर्मिनल बदलने में अतिरिक्त समय और परेशानी का सामना करना पड़ता था। अकासा एयर के अनुसार, नई व्यवस्था लागू होने के बाद यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा। विशेष रूप से वे यात्री, जिनकी आगे की उड़ानें टर्मिनल-2 से हैं, अब बिना अतिरिक्त समय गंवाए आसानी से अपनी अगली फ्लाइट पकड़ सकेंगे।

एयरलाइन का कहना है कि यह निर्णय यात्रियों के यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे ट्रांजिट यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी, यात्रा अधिक सुगम होगी और कनेक्टिंग फ्लाइट छूटने की आशंका भी कम होगी। नई व्यवस्था से वाराणसी से मुंबई होकर देश-विदेश के विभिन्न शहरों की यात्रा करने वाले यात्रियों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।

Share this story