वाराणसी में युवक को रेलवे ट्रैक पर मिली एके-47, मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। जैतपुरा थाना क्षेत्र के सरैया रेलवे ट्रैक पर सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एके-47 राइफल मिलने की सूचना सामने आई। ट्रैक के किनारे पड़े इस अत्याधुनिक हथियार को सबसे पहले एक स्थानीय युवक ने देखा, जिसके बाद उसने तत्काल पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही जैतपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और राइफल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार बरामद राइफल की मैगजीन में गोलियां भरी हुई थीं, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई। शुरुआती जांच में यह संकेत मिले कि यह हथियार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के किसी जवान का हो सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में भी हलचल तेज हो गई। मौके पर डीसीपी काशी, एडीसीपी और एसीपी चेतगंज समेत कई वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) से संपर्क कर पूरे मामले में समन्वय स्थापित किया गया।
जांच के दौरान यह जानकारी सामने आई कि सीआरपीएफ की एक टुकड़ी ट्रेन से पश्चिम बंगाल में चुनाव ड्यूटी के लिए जा रही थी। इसी दौरान एक जवान की एके-47 राइफल ट्रेन से नीचे गिर गई, जिसकी जानकारी संबंधित जवान या टुकड़ी को नहीं हो सकी। ट्रेन उस समय डीडीयू जंक्शन पर खड़ी थी, जहां से पुलिस ने सीआरपीएफ अधिकारियों से संपर्क साधा।
पूछताछ में पुष्टि होने के बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर राइफल को सीआरपीएफ टुकड़ी के कमांडर को सौंप दिया गया। हालांकि, इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

