हनुमानगढ़ी में दर्शन कर मछली भोज करने वाले अजय राय भाई के हत्यारे माफिया के सामने हो गये थे नतमस्तक : योगी अदित्यनाथ

WhatsApp Channel Join Now

  • रायबरेली में सीएम का कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पर तीखा हमला, कहा- माफिया के खिलाफ बयान देने तक नहीं गए
  • हनुमानगढ़ी में दर्शन के बाद मछली भोज पर भी घेरा, बोले- कांग्रेस का दोहरा आचरण देख गिरगिट भी शरमा जाए

रायबरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिस माफिया ने उनके भाई की हत्या की, उसी के खिलाफ वह बयान देने तक नहीं गए और उसके सामने नतमस्तक हो गए। मुख्यमंत्री ने इसे अजय राय के पुराने आचरण से जोड़ते हुए कांग्रेस पर माफिया के सामने घुटने टेकने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार नहीं आती तो ऐसे लोगों ने उत्तर प्रदेश को 'माफिया प्रदेश' बना दिया होता।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “इनके भाई की हत्या एक माफिया ने की थी। ये व्यक्ति उस माफिया के खिलाफ बयान देने नहीं गया, बल्कि उसके सामने घुटने टेककर नतमस्तक हो गया। अपने भाई के हत्यारे के सामने घुटने टेक चुका था।”

योगी ने पूर्ववर्ती परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि अगर उनकी सरकार नहीं आती तो प्रदेश में माफिया का दबदबा और बढ़ जाता। उन्होंने कहा, “सरकार आई, इस सरकार ने उसे रगड़कर उसकी भूसी निकाल दी। अन्यथा इन लोगों ने तो प्रदेश को माफिया प्रदेश बना दिया था।”

हनुमानगढ़ी दर्शन के बाद मछली भोज पर भी निशाना

मुख्यमंत्री ने अजय राय के अयोध्या दौरे और हनुमानगढ़ी में दर्शन के बाद मछली भोज को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक तरफ राम और बजरंगबली के प्रति आस्था दिखाने का प्रयास किया जाता है और दूसरी तरफ ऐसा आचरण किया जाता है, जो उनके मुताबिक कांग्रेस के दोहरे चरित्र को उजागर करता है।

योगी ने कहा, “अयोध्या में हनुमानगढ़ी के दर्शन करने जाते हैं और फिर मछली भोज की दावत उड़ाते हैं। ये राम-राम चिल्लाते हैं। बेशर्मी की भी सीमा होती है। किसने कहा था हनुमानगढ़ी जाने के लिए? मछली खानी थी तो अयोध्या के बाहर जाकर खा लेते।”

मुख्यमंत्री ने इसे कांग्रेस का 'दोहरा आचरण' बताते हुए कहा कि ऐसे लोगों को देखकर गिरगिट भी शरमा जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि हनुमानगढ़ी में दंडवत होकर आस्था का प्रदर्शन किया जाता है और उसके बाद बाहर जाकर मछली की दावत की जाती है।

योगी आदित्यनाथ के हमले का केंद्र अजय राय का कथित पुराना माफिया कनेक्शन रहा। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के भाई की हत्या का प्रसंग उठाते हुए सवाल खड़ा किया कि जो व्यक्ति अपने भाई के हत्यारे माफिया के खिलाफ खड़ा नहीं हो सका, वह आज किस नैतिक आधार पर सरकार और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहा है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर धार्मिक आस्था को लेकर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया।

देखें वीडियो 

Share this story