गर्मियों की छुट्टियों में हवाई सफर महंगा, देश के प्रमुख शहरों का तीन गुना और इंटरनेशल फ्लाइट का 30 प्रतिशत किराया बढ़ा 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। गर्मी की छुट्टियों और शादी-विवाह के सीजन के चलते हवाई यात्रा का किराया लगातार बढ़ता जा रहा है। वाराणसी से देश के प्रमुख शहरों के साथ-साथ विदेशों के लिए उड़ानों के किराए में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। खासकर मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद जाने वाले यात्रियों को अब पहले के मुकाबले दो से तीन गुना अधिक किराया चुकाना पड़ रहा है।

ट्रैवल एजेंसियों और एयरलाइन कंपनियों के अनुसार मई के अंतिम सप्ताह और जून की शुरुआत तक यात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां शुरू होने के कारण बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ पर्यटन स्थलों की ओर रुख कर रहे हैं। इसके अलावा शादी समारोहों और पारिवारिक कार्यक्रमों की वजह से भी हवाई यात्राओं की मांग बढ़ी है। इसी का असर टिकटों की कीमतों पर साफ दिखाई दे रहा है।

मुंबई का किराया, जो सामान्य दिनों में करीब चार से पांच हजार रुपये के बीच रहता था, अब बढ़कर 13 से 15 हजार रुपये तक पहुंच गया है। वहीं दिल्ली के लिए पहले जहां 2500 से 3000 रुपये में टिकट मिल जाती थी, अब यात्रियों को 5200 से 5500 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं। बेंगलुरु का किराया लगभग 10 हजार रुपये से अधिक हो गया है, जबकि हैदराबाद के टिकट भी सात से दस हजार रुपये तक पहुंच गए हैं।

केवल घरेलू उड़ानें ही नहीं, बल्कि विदेश जाने वाले यात्रियों को भी महंगे टिकटों का सामना करना पड़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के किराए में करीब 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ट्रैवल कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि थाईलैंड, दुबई, मलेशिया, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड जैसे पर्यटन स्थलों के लिए भी यात्रियों की मांग तेजी से बढ़ी है।

Share this story