एयर शो : पुलिस कमिश्नर और डीएम ने नमोघाट, राजघाट और भैंसासुर घाट का किया निरीक्षण, पार्किंग, बैरिकेडिंग और वीवीआईपी रूट की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
वाराणसी। आगामी एयर शो को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सोमवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने एयर फोर्स के अधिकारियों के साथ तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नमोघाट, वीवीआईपी कार्यक्रम स्थल, कंटिंजेंसी रूट, बसंता कॉलेज पार्किंग, राजघाट और भैंसासुर घाट का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने एयर शो देखने आने वाले दर्शकों और आमजन की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए प्रभावी यातायात योजना के तहत आवश्यक प्रबंध किए जाएं। निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहनों को व्यवस्थित ढंग से खड़ा कराने और पार्किंग तक पहुंचने वाले मार्गों को सुगम बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

अधिकारियों ने वीवीआईपी कार्यक्रम स्थल तक आने-जाने वाले मार्गों के साथ वैकल्पिक और आपातकालीन मार्गों का निरीक्षण किया। इन मार्गों पर आवागमन निर्बाध बनाए रखने तथा किसी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
घाटों और कार्यक्रम स्थल के आसपास भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त बैरिकेडिंग, सुरक्षा प्रबंध और लोगों की आवाजाही को व्यवस्थित करने की व्यवस्था समय से पूरी करने को कहा गया। नमोघाट, राजघाट और भैंसासुर घाट पर दर्शकों के आवागमन को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा इंतजामों की भी समीक्षा की गई।

पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने पुलिस, प्रशासन तथा एयर फोर्स के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और सभी तैयारियां निर्धारित समय से पूरी करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने आयोजन के दौरान सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि एयर शो का आयोजन सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

