कोहरे के कारण वाराणसी एयरपोर्ट पर हवाई सेवाएं प्रभावित, 16 उड़ानें लेट और चार निरस्त
स्पाइसजेट की चार उड़ानें रहीं रद्द, इंडिगो, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइटों में भी हुई देरी, यात्रियों को करना पड़ा इंतजार
वाराणसी। मौसम में बदलाव और कोहरे का असर अब हवाई यातायात पर भी पड़ने लगा है। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोमवार को विमानों का संचालन प्रभावित रहा। कम दृश्यता और परिचालन संबंधी दिक्कतों के चलते कुल 16 उड़ानें विलंबित रहीं, जबकि चार उड़ानों को निरस्त करना पड़ा। अचानक उड़ानों के समय में बदलाव और निरस्तीकरण से यात्रियों को एयरपोर्ट पर काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
सोमवार को स्पाइसजेट की चार उड़ानें निरस्त रहीं। इनमें मुंबई-वाराणसी-मुंबई और पुणे-वाराणसी-पुणे की उड़ानें शामिल थीं। इसके अलावा विभिन्न एयरलाइंस की कई उड़ानें निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं और रवाना हुईं।
कई उड़ानें 15 से 39 मिनट तक विलंबित
विलंबित उड़ानों में इंडिगो की बंगलुरु-वाराणसी-बंगलुरु फ्लाइट 39 मिनट, दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली की उड़ान 17 मिनट और पुणे-वाराणसी-पुणे की उड़ान 25 मिनट देर से रही। इसी तरह एयर इंडिया की दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली फ्लाइट 16 मिनट और खजुराहो-वाराणसी-खजुराहो की उड़ान 22 मिनट विलंबित हुई। वहीं, एयर इंडिया एक्सप्रेस की मुंबई-वाराणसी-मुंबई उड़ान 18 मिनट और अकासा एयर की मुंबई-वाराणसी-मुंबई फ्लाइट भी 18 मिनट की देरी से आई और गई।
मौसम और परिचालन संबंधी दिक्कतें बनी वजह
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, मौसम की गड़बड़ी और परिचालन संबंधी कारणों से उड़ानों के संचालन में देरी हुई। विमानों के निर्धारित समय पर आवागमन नहीं होने से यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।

