एयर शो से पहले एयरफोर्स के कब्जे में नमो घाट, आमजन का प्रवेश प्रतिबंधित, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
22, 24 और 25 अक्टूबर को होगा एयर शो, नमो घाट पर आम लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध, गंगा में अभ्यास के दौरान नावों की निगरानी भी बढ़ी
वाराणसी। भारतीय वायु सेना के 94वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले एयर शो को लेकर काशी में तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को नमो घाट पर सेना के ट्रक पहुंचने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। घाट को आम लोगों के प्रवेश के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है। एयर शो की तैयारियों के तहत सेना की तकनीकी टीमें संचार व्यवस्था, कमांड सेंटर और अन्य जरूरी तकनीकी उपकरणों की जांच में जुटी हैं।
जिला प्रशासन के मुताबिक, नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर को एयर शो आयोजित होगा। इसके मद्देनजर शुक्रवार सुबह से ही वायु सेना और सेना के अधिकारियों की आवाजाही बढ़ गई। घाट के गेट नंबर एक, दो और तीन को अपने कब्जे में लेते हुए घाट को बंद कर दिया गया। पर्यटकों और आम नागरिकों की आवाजाही रोक दी गई है।
गंगा में सैन्य अभ्यास और हेलीकॉप्टर से निगरानी
गंगा के ऊपर शुक्रवार को सेना के भारी-भरकम हेलिकॉप्टर ने टच एंड गो रिहर्सल किया। दोनों पंखों के चलते कुछ देर के लिए गंगा में लहरे उल्टी दिशा में बहने लगीं। ललिता घाट के सामने पानी की सतह के करीब उड़ान भरते हेलीकॉप्टर को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी। हालांकि, सुरक्षा कारणों से गंगा में नौकाओं की आवाजाही और घाटों पर लोगों के प्रवेश को नियंत्रित किया जा रहा है।
आम लोगों की आवाजाही पर रहेगी पाबंदी
प्रशासन ने एयर शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए नमो घाट और आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम से जुड़े अभ्यास और तैयारियों के कारण आम नागरिकों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। सुरक्षा एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर रख रही हैं, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।

