अक्टूबर में वाराणसी में होगा एयर शो, वायुसेना प्रमुख भी करेंगे शिरकत, 100 विमान दिखाएंगे करतब 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। प्रयागराज के बाद अब अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में वाराणसी में भव्य एयर शो का आयोजन किया जाएगा। इस शो को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं और भारतीय वायुसेना के प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह के भी इसमें शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

एयर शो में आने वाले अफसरों और अधिकारियों के ठहरने, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर एयरफोर्स के अधिकारियों ने शुक्रवार को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में जिले के लगभग 10 बड़े होटल, गेस्ट हाउस संचालक और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए।

100 विमानों के करतब से सजेगा शो
अधिकारियों ने बताया कि वाराणसी एयरपोर्ट और गंगा घाटों पर एयर शो की तैयारियां चल रही हैं। इस भव्य आयोजन में करीब 100 विमान विभिन्न तरह के हवाई करतब दिखाएंगे। एयर शो से पहले पांच दिनों तक अभ्यास सत्र भी आयोजित किया जाएगा, जिसके दौरान आने वाले एयरक्राफ्ट को वाराणसी एयरपोर्ट की पार्किंग में रखा जाएगा।

सुरक्षा और प्रबंधन पर विशेष जोर
बैठक में एयरफोर्स और प्रशासन के बीच सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, वीआईपी मूवमेंट और दर्शकों की सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि अक्टूबर माह से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि आयोजन सफल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Share this story