अस्सी घाट पर एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने किया हवन-पूजन, मां गंगा की उतारी आरती
‘सुबह-ए-बनारस’ की पहल को सराहा, बोले- भारतीय संस्कृति को दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचाने के लिए ऐसे आयोजन जरूरी
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अनुष्ठान में हुए शामिल, कन्या विद्यालय की छात्राओं ने प्रस्तुत किया मंगलाचरण; संस्था को दी शुभकामनाएं
वाराणसी। काशी की आध्यात्मिक परंपरा और भारतीय संस्कृति की झलक रविवार की सुबह अस्सी घाट पर देखने को मिली। भारतीय वायुसेना के प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ‘सुबह-ए-बनारस’ कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन किया और मां गंगा की आरती उतारकर आशीर्वाद लिया। इस दौरान घाट पर धार्मिक अनुष्ठानों के बीच आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। कन्या विद्यालय की छात्राओं ने मंगलाचरण प्रस्तुत कर कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की। रत्नेश वर्मा भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

संस्कृति को दुनिया तक पहुंचाने की जरूरत
एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने ‘सुबह-ए-बनारस’ की पहल की सराहना करते हुए कहा कि वह यहां दूसरे काम से आए थे, लेकिन हमसभी का सौभाग्य है कि इस कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि यह बहुत अच्छी पहल है। हमारी संस्कृति को दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचाने के लिए इस तरह के आयोजन होने चाहिए। उन्होंने इस पहल के लिए संस्था को शुभकामनाएं भी दीं।

मंगलाचरण से हुई कार्यक्रम की शुरुआत
अस्सी घाट पर आयोजित कार्यक्रम में कन्या विद्यालय की छात्राओं ने पारंपरिक विधि से मंगलाचरण प्रस्तुत किया। इसके बाद हवन-पूजन और मां गंगा की आरती के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। एयर चीफ मार्शल ने धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होकर काशी की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं के दर्शन किए।

‘विंग्स ओवर गंगा’ के लिए काशी में वायुसेना प्रमुख
एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह का काशी आगमन भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित विशेष हवाई प्रदर्शन ‘विंग्स ओवर गंगा’ के दौरान हुआ है। 25 अक्टूबर को गंगा के ऊपर आयोजित होने वाले इस एयर शो में लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों के रोमांचक करतब आकर्षण का केंद्र हैं। इस आयोजन को लेकर वाराणसी में खासा उत्साह है।


