पंचक्रोशी यात्रा से पहले नगर निगम की कार्रवाई, धर्मशालाओं से हटाया अवैध कब्जा
वाराणसी। शुक्रवार 15 मई से शुरू हो रही पंचक्रोशी यात्रा को लेकर नगर निगम तैयारियों में जुट गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पंचक्रोशी मार्ग पर स्थित धर्मशालाओं और पड़ाव स्थलों को दुरुस्त किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को शिवपुर स्थित रामभट्ट तालाब परिसर की गोकुल धर्मशाला और हनुमान धर्मशाला को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया।

संयुक्त जोनल अधिकारी एवं वरुणापार जोनल अधिकारी जितेंद्र कुमार आनंद और सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव के नेतृत्व में नगर निगम की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने लंबे समय से कब्जा जमाए लोगों को हटाते हुए धर्मशालाओं पर नगर निगम का ताला लगा दिया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि दोबारा कब्जा करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान धर्मशाला परिसर और उसके आसपास झुग्गी-झोपड़ी बनाकर रहने वाले लोगों को भी 24 घंटे के भीतर जगह खाली करने का निर्देश दिया गया। नगर निगम ने स्पष्ट किया कि तय समय के बाद भी यदि कब्जा नहीं हटाया गया तो बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान कई लोगों से जमीन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। अधिकारियों ने कहा कि पंचक्रोशी मार्ग पर अन्य स्थानों पर भी अवैध कब्जों की जांच की जा रही है। समयसीमा पूरी होने के बाद बिना किसी अतिरिक्त नोटिस के बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार अवैध कब्जा हटने के बाद धर्मशालाओं की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और मरम्मत का कार्य कराया जाएगा, ताकि पंचक्रोशी यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को ठहरने और अन्य सुविधाओं में किसी प्रकार की परेशानी न हो। नगर निगम द्वारा यात्रा मार्ग के सभी प्रमुख पड़ावों को व्यवस्थित और स्वच्छ बनाने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है।

