विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने तेज की संगठन की तैयारी, पदाधिकारियों को बांटे दायित्व

123
WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। विधानसभा चुनाव में छह महीने से भी कम समय शेष रहने के बीच भारतीय जनता पार्टी ने काशी क्षेत्र में संगठन को चुनावी तैयारियों के लिए सक्रिय करना शुरू कर दिया है। रोहनिया स्थित भाजपा कार्यालय में सोमवार को काशी क्षेत्र कार्यसमिति की प्रथम बैठक आयोजित हुई। इसमें आगामी अभियानों और कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने, नियमित प्रवास करने और संगठनात्मक जिम्मेदारियों के स्पष्ट विभाजन पर जोर दिया गया।

बैठक के मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह प्रभारी जगदीश पटेल तथा विशिष्ट अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह रहे। अध्यक्षता क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने की, जबकि संचालन महामंत्री अनूप जायसवाल ने किया। दीप प्रज्ज्वलन और महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण के साथ बैठक शुरू हुई। प्रारंभ में राष्ट्रगीत वंदेमातरम् और समापन पर राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ। जगदीश पटेल ने कहा कि वर्तमान काशी क्षेत्र की टीम में वरिष्ठ, अनुभवी और ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी मिली है। विधानसभा चुनाव निकट हैं, ऐसे में पार्टी के अभियानों और कार्यक्रमों का बूथ स्तर तक क्रियान्वयन सुनिश्चित करना पदाधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

17 सितंबर से चलेगा सेवा संकल्प अभियान
जगदीश पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया।

रमेश सिंह ने कहा कि दायित्व मिलने के साथ जिम्मेदारी बढ़ जाती है। कार्यकर्ताओं को राष्ट्र प्रथम की भावना से काम करते हुए प्रधानमंत्री के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में योगदान देना होगा। क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि चुनाव को देखते हुए सभी पदाधिकारी नियमित प्रवास करें और पार्टी के कार्यक्रमों को संगठन की निचली इकाई तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि कार्य विभाजन से कार्यक्षमता बढ़ती है और जिम्मेदारियों का बेहतर निर्वहन सुनिश्चित होता है।

इसी क्रम में विभिन्न पदाधिकारियों को मोर्चों और प्रमुख कार्यक्रमों की जिम्मेदारी सौंपी गई। विपिन सिंह को प्रोटोकॉल, अनिता त्रिपाठी को महिला मोर्चा, सर्वेश कुशवाहा को अल्पसंख्यक मोर्चा, सुनील पटेल को किसान मोर्चा, अमित राय को ओबीसी मोर्चा और भानू प्रताप सिंह को एससी मोर्चा का प्रभार दिया गया। नवरतन राठी को प्रवक्ता के साथ मीडिया विभाग की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी मिली। अनूप जायसवाल को मन की बात, प्रवीण सिंह गौतम को कार्यालय, रामसुंदर निषाद को संगठनात्मक बैठकें और राजेश राजभर को युवा मोर्चा का दायित्व सौंपा गया। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष कृतिका अग्रवाल, पूजा पाल, प्रदेश मंत्री राकेश बिंद, कविता पटेल सहित काशी क्षेत्र के पदाधिकारी और कार्यसमिति सदस्य मौजूद रहे।

BK Pathak
BK Pathak

21343 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story