एयर शो से पहले घाटों की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटा नगर निगम, नगर आयुक्त ने राजघाट से नमो घाट तक तैयारियों का लिया जायजा, अतिक्रमण हटवाने के दिए निर्देश

123
WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भारतीय वायुसेना दिवस की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर नमो घाट पर प्रस्तावित एयर शो को लेकर नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोजन में लाखों दर्शकों और विशिष्ट अतिथियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए शहर के घाटों, संपर्क मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई एवं नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अधिकारियों के साथ राजघाट से लेकर नमो घाट तक पैदल निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों की स्थिति देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मार्गों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रास्तों में पड़े मलबे को तत्काल हटाकर आवागमन सुगम बनाया जाए। उन्होंने सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने और घाटों के साथ संपर्क मार्गों को भी साफ-सुथरा रखने के निर्देश दिए।

123

सफाई में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
नगर आयुक्त ने जोनल अधिकारियों, सफाई निरीक्षकों और नगर निगम के अन्य कर्मचारियों को निर्देशित किया कि एयर शो के मद्देनजर सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। घाटों पर आने वाले दर्शकों की सुविधा और स्वच्छता बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने अधिकारियों से तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता विकास कुरील, जोनल अधिकारी पवन गुप्ता, अवर अभियंता सिद्धार्थ सहित संबंधित सफाईकर्मी और नगर निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने घाटों से लेकर आसपास की गलियों और संपर्क मार्गों तक की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

लाखों दर्शकों के पहुंचने की संभावना
नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित एयर शो को देखने के लिए वाराणसी सहित आसपास के जिलों और देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। आयोजन में विशिष्ट अतिथियों के आगमन को देखते हुए नगर निगम गंगा के दोनों किनारों पर नागरिक सुविधाएं बेहतर बनाने में जुटा है।

 


इसके तहत सफाई, मोबाइल शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और पार्किंग जैसी सुविधाओं को व्यवस्थित करने पर जोर दिया जा रहा है। नगर निगम का उद्देश्य आयोजन के दौरान घाटों और प्रमुख मार्गों पर स्वच्छता बनाए रखने के साथ दर्शकों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाना है। एयर शो से पहले सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

BK Pathak
BK Pathak

21257 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story