जन्माष्टमी से पहले नगर निगम का एक्शन प्लान, मंदिरों से जुलूस मार्ग तक चाक-चौबंद होगी काशी की व्यवस्था
वाराणसी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए नगर निगम ने काशी में स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रमुख मंदिरों, धार्मिक स्थलों, जुलूस मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सफाई व्यवस्था लागू की जाएगी। नगर निगम ने अधिकारियों को पर्व से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जन्माष्टमी के दौरान शहर की सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सड़कों की स्थिति बेहतर रखने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सैनिटेशन व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम की ओर से प्रमुख मंदिरों और धार्मिक स्थलों के आसपास नियमित कूड़ा उठान सुनिश्चित करने के साथ नालियों की तली झाड़ सफाई कराने के निर्देश दिए गए हैं। भीड़ वाले क्षेत्रों और जुलूस मार्गों पर आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले प्रमुख मार्गों पर सड़कों के पैचवर्क का काम भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। इसके साथ ही शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को भी दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। बंद या खराब पड़ी लाइटों को आयोजन से पहले ठीक कराने के लिए अधिकारियों को कहा गया है, ताकि रात के समय श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
नगर आयुक्त ने विशेष रूप से उन इलाकों पर नजर रखने को कहा है, जहां पूर्व में जलभराव या गंदगी की शिकायतें सामने आती रही हैं। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने और समय से पहले कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम का उद्देश्य जन्माष्टमी के दौरान काशी को स्वच्छ, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाए रखना है।

