गंगा के स्थिर होने के बाद घाटों पर जलकुंभी की समस्या, सफाई में जुटी नगर निगम की टीम

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि के बाद गुरुवार को स्थिति स्थिर हुई, लेकिन घाटों पर जलकुंभी की समस्या बढ़ गई है। नदी के तेज बहाव के साथ बड़ी मात्रा में जलकुंभी वाराणसी के घाटों तक पहुंच रही है। इससे अस्सी घाट समेत कई प्रमुख घाटों के किनारे जलकुंभी की मोटी परत जमा हो गई है। जलस्तर बढ़ने से पहले से ही कई घाटों की सीढ़ियां पानी में डूबी हैं और घाटों के बीच संपर्क प्रभावित है। ऐसे में जलकुंभी की लगातार आवक ने सफाई व्यवस्था के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है।

गंगा के ऊपरी हिस्सों से बहकर आ रही जलकुंभी नदी के किनारे और घाटों की सीढ़ियों के आसपास जमा हो रही है। कई स्थानों पर बड़ी मात्रा में जलकुंभी एकत्र होने से घाटों का स्वरूप प्रभावित हो गया है। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भी घाटों पर आवाजाही में परेशानी हो रही है।

अस्सी घाट से निकाली गई दो ट्रैक्टर जलकुंभी
जलकुंभी की समस्या को देखते हुए नगर निगम की सफाई टीम लगातार अभियान चला रही है। कर्मचारी घाटों और नदी के किनारे जमा जलकुंभी को पानी से बाहर निकालकर एकत्र कर रहे हैं। इसके बाद उसे ट्रैक्टरों के माध्यम से निर्धारित स्थान पर ले जाकर निस्तारित किया जा रहा है।

नगर निगम के अनुसार अस्सी घाट से अब तक करीब दो ट्रैक्टर जलकुंभी निकालकर निस्तारित की जा चुकी है। हालांकि एक ओर सफाई कर्मचारी जलकुंभी हटाते हैं तो दूसरी ओर नदी के बहाव के साथ नई जलकुंभी फिर घाटों तक पहुंच जाती है। इसके चलते सफाई अभियान लगातार जारी रखना पड़ रहा है।

123

सफाई टीम की लगातार निगरानी
सफाई अधिकारी आनंद कुमार ने बताया कि घाटों की साफ-सफाई लगातार कराई जा रही है। जहां भी जलकुंभी जमा होने की सूचना मिल रही है, वहां कर्मचारियों को भेजकर उसे हटाया जा रहा है। जलकुंभी के साथ घाटों पर जमा अन्य गंदगी को भी साफ कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अस्सी घाट और आसपास के घाटों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। जलकुंभी की आवक बनी रहने तक सफाई अभियान जारी रहेगा।

 

जलस्तर स्थिर, लेकिन चुनौती बरकरार
गंगा का जलस्तर स्थिर होने से फिलहाल राहत जरूर मिली है, लेकिन घाटों की स्थिति अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हुई है। कई सीढ़ियां पानी में डूबी हैं और घाटों के बीच संपर्क प्रभावित है। वहीं जलकुंभी की लगातार आवक के कारण सफाई व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव बना हुआ है।

123

नगर निगम की टीम जलकुंभी हटाने के साथ घाटों की स्वच्छता और स्थिति की निगरानी में जुटी है। अधिकारियों को उम्मीद है कि जलस्तर स्थिर रहने और जलकुंभी की आवक कम होने पर घाटों की सफाई व्यवस्था जल्द सामान्य हो सकेगी।

Share this story