CHS प्रवेश परीक्षा के बाद BHU सिंह द्वार पर लगा जाम, भीषण गर्मी में पुलिस ने संभाली स्थिति

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के अंतर्गत संचालित सेंट्रल हिंदू स्कूल (CHS) की चल रही प्रवेश परीक्षा के दौरान शुक्रवार को परीक्षा समाप्ति के बाद विश्वविद्यालय के सिंह द्वार (लंका गेट) पर अचानक भीड़ उमड़ने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक एक साथ बाहर निकले, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कुछ समय के लिए आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। भीषण गर्मी में जाम से राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं जाम छुड़ाने में पुलिस हलकान रही। 

123

शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों से अभ्यर्थी परीक्षा देने के बाद जैसे ही BHU परिसर से बाहर निकले, लंका क्षेत्र में भीड़ का दबाव तेजी से बढ़ गया। हालांकि संभावित भीड़ को देखते हुए लंका थाना पुलिस और यातायात पुलिस पहले से ही मौके पर तैनात थी, लेकिन अचानक बढ़ी भीड़ के चलते स्थिति कुछ समय के लिए नियंत्रण से बाहर होती नजर आई।

123

इस दौरान भीषण गर्मी और तेज धूप ने समस्या को और गंभीर बना दिया। जाम में फंसे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, वहीं पुलिसकर्मियों को भी कठिन परिस्थितियों में व्यवस्था संभालनी पड़ी। यातायात पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद धीरे-धीरे जाम को खुलवाया और स्थिति को सामान्य करने में सफलता पाई। करीब कुछ देर की अव्यवस्था के बाद यातायात फिर से सुचारु रूप से चलने लगा।

123

वहीं, परीक्षा के बाद परिवहन व्यवस्था को लेकर अभिभावकों और छात्रों में नाराजगी भी देखने को मिली। कई लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ ऑटो और ई-रिक्शा चालकों ने मौके का फायदा उठाते हुए मनमाने तरीके से किराया वसूला। सामान्य दिनों की तुलना में दोगुना तक किराया लिए जाने की शिकायतें सामने आईं, जिससे यात्रियों में आक्रोश देखा गया।

 देखें वीडियो

इस संबंध में कई अभिभावकों ने प्रशासन से शिकायत कर ऐसे चालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की परीक्षाओं के दौरान पहले से ही परिवहन और यातायात की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि किसी को असुविधा न हो।

देखें वीडियो

Share this story