रक्षाबंधन के बाद होगा रोपवे के 148 गंडोला का ट्रायल, सुरक्षा जांच के बाद शुरू होगी ट्रायल रन की प्रक्रिया

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। काशी में निर्माणाधीन रोपवे परियोजना का काम अंतिम चरण में पहुंच गया है। गोदौलिया से रोपवे संचालन की तैयारियों के तहत 148 गंडोलों का ट्रायल रक्षाबंधन के बाद कराया जाएगा। सुरक्षा कारणों से फिलहाल ट्रायल स्थगित किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक इससे पहले हुक टेस्टिंग समेत सुरक्षा से जुड़ी आवश्यक जांच पूरी की जाएगी। इसके बाद सभी गंडोलों का ट्रायल रन कराया जाएगा।

रोपवे परियोजना के तहत शहर के सबसे व्यस्त क्षेत्रों में यात्रियों को सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है। परियोजना में यूरोपीय स्टैंडर्ड के उपकरण लगाए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा जांच के दौरान रोपवे के ट्रैक पर चार बार दोहलाई जाएगी। इसके बाद ट्रायल रन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

मंडलायुक्त ने किया निरीक्षण
मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने सोमवार को काशी में संचालित रोपवे परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने काम में तेजी लाने को कहा। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण करने और गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सामने आया कि सुरक्षा जांच के दौरान सभी मानकों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। मंडलायुक्त ने रोपवे के इंजीनियरों और संबंधित अधिकारियों को परियोजना का नवंबर तक पूरा करने के लक्ष्य को सितंबर तक पूरा करने का प्रयास करने के निर्देश दिए।


यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष जोर
रोपवे में यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। स्टेशन पर दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक और महिलाओं के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी है। अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, डिजिटल टिकटिंग समेत अन्य सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं। इन व्यवस्थाओं को यात्रियों की सुविधा के अनुरूप विकसित किया जा रहा है।

शहर के व्यस्त मार्गों पर मिलेगी राहत
रोपवे के संचालन से शहर के व्यस्त मार्गों पर यातायात का दबाव कम होने और यात्रियों को सुरक्षित व सुविधाजनक परिवहन विकल्प मिलने की उम्मीद है। परियोजना पूरी होने के बाद श्रद्धालुओं और पर्यटकों के साथ स्थानीय लोगों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।

Share this story