पीएम की अपील के बाद आयुष मंत्री ने अपनाया इलेक्ट्रिक वाहन, ऊर्जा बचत की दिशा में बड़ा कदम

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ईंधन बचत, ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा की अपील अब जमीनी स्तर पर असर दिखाने लगी है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) का उपयोग शुरू कर एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक पहल की है। इसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘ग्रीन गवर्नेंस’ मॉडल को आगे बढ़ाने की दिशा में एक व्यावहारिक कदम माना जा रहा है।

123

प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में जारी निर्देशों के तहत मुख्यमंत्री और मंत्रियों के काफिलों में वाहनों की संख्या में 50 प्रतिशत तक कटौती और ईंधन के विवेकपूर्ण उपयोग पर जोर दिया गया है। इसी नीति के अनुपालन में मंत्री डॉ. दयालु ने पर्यावरण हितैषी इलेक्ट्रिक कार अपनाकर एक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

राज्य मंत्री ने कहा कि आज के समय में पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और ऊर्जा बचत केवल विकल्प नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी बन चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “ग्रीन इंडिया” विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वच्छ एवं हरित प्रशासन के संकल्प से प्रेरित होकर उन्होंने ईवी वाहन का उपयोग शुरू किया है।

उन्होंने आगे बताया कि भविष्य में वे अपने दैनिक जीवन में भी अधिक से अधिक पर्यावरण अनुकूल आदतों को अपनाने का प्रयास करेंगे, ताकि ऊर्जा संरक्षण और स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़े। उन्होंने जनता से भी अपील की कि अधिक से अधिक लोग इलेक्ट्रिक वाहनों, सार्वजनिक परिवहन और ईंधन बचत के उपायों को अपनाएं।

Share this story