बीएचयू में चार साल की पढ़ाई के बाद बताया कि गणित के स्थान पर पढ़ लिया बायो, छात्र की डिग्री रोकी, छात्रों में आक्रोश
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के कृषि विज्ञान संस्थान में चार वर्षों तक अध्ययन करने के बाद भी छात्र को डिग्री नहीं मिलने का मामला सामने आया है। वर्ष 2022 से 2026 तक अध्ययन करने वाले छात्र की डिग्री कथित तौर पर विषय संबंधी अनिवार्यता को लेकर रोक दी गई है। इससे छात्र के आगे की पढ़ाई और करियर पर संकट खड़ा हो गया है। मामले से आक्रोशित छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए धरना-प्रदर्शन और कोर्ट जाने की चेतावनी दी है।
छात्र ने विश्वविद्यालय में लगातार चार वर्षों तक पढ़ाई की, प्रत्येक वर्ष की परीक्षा दी और उसे अगले वर्ष में प्रवेश के लिए प्रमोट भी किया जाता रहा। लेकिन जब वह अपनी डिग्री प्राप्त करने पहुंचा, तो उसे बताया गया कि वह बायोलॉजी (जीव विज्ञान) का विद्यार्थी है और उसे मैथ्स (गणित) की परीक्षा भी देनी होगी। इसके बाद उसकी डिग्री रोक दी गई। बताया जा रहा है कि छात्र ने हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया में अखिल भारतीय स्तर पर 29वीं रैंक हासिल की थी। डिग्री नहीं मिलने के कारण उसके लिए आगे की शैक्षणिक प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका है।

छात्र ने इस समस्या के समाधान के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष कई बार अपनी बात रखी और लिखित आवेदन भी दिया। प्रशासन की ओर से बताया गया कि मामले पर विश्वविद्यालय के लोकपाल (ओम्बड्समैन) निर्णय लेंगे और छात्र की फाइल पर विचार किया जाएगा। छात्र को जल्द निर्णय लेने और डिग्री जारी करने के लिए हरसंभव प्रयास का आश्वासन भी दिया गया है।
इस संबंध में परीक्षा नियंत्रक से मुलाकात किए जाने की बात भी सामने आई है। छात्र के पक्ष के अनुसार, परीक्षा नियंत्रक ने मामले को वास्तविक और विचार योग्य मानते हुए डिग्री जारी करने के संबंध में सकारात्मक रुख दिखाया। डीन की ओर से भी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने की बात कही जा रही है। हालांकि, इन प्रयासों के बावजूद छात्र की डिग्री का मामला अब तक लंबित है।

चार साल की पढ़ाई के बाद नियमों पर सवाल
इस पूरे प्रकरण में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि यदि गणित की परीक्षा देना अनिवार्य था, तो प्रवेश के समय या अध्ययन के शुरुआती वर्षों में छात्र को इसकी स्पष्ट जानकारी क्यों नहीं दी गई? जब उसे लगातार परीक्षाओं में शामिल होने और अगले वर्ष में प्रमोट होने दिया गया, तो डिग्री जारी करने के समय यह आपत्ति क्यों उठाई गई? डिग्री नहीं मिलने से छात्र मानसिक दबाव और अपने भविष्य को लेकर चिंता का सामना कर रहा है। ऐसे में विश्वविद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह मामले की पूरी जांच करे, संबंधित नियमों और छात्र के शैक्षणिक रिकॉर्ड की समीक्षा करे तथा समयबद्ध निर्णय ले।
छात्र को न्याय मिलने की उम्मीद
छात्र और उसके साथियों की मांग है कि विश्वविद्यालय प्रशासन इस मामले में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए निष्पक्ष निर्णय करे और नियमानुसार जल्द से जल्द डिग्री जारी करने की प्रक्रिया पूरी करे। यदि कोई शैक्षणिक कमी या विषय संबंधी अनिवार्यता है, तो उसकी स्पष्ट जानकारी देते हुए उचित समाधान भी बताया जाए।

