एक दिन की वृद्धि के बाद गंगा का जलस्तर स्थिर, चेतावनी बिंदु से 93 सेंटीमीटर नीचे गंगा, प्रशासन कर रहा निगरानी
वाराणसी। एक दिन की वृद्धि के बाद गंगा के जलस्तर में शुक्रवार को स्थिरता बनी हुई है। केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के राजघाट गेज स्थल पर सुबह 10 बजे गंगा का जलस्तर 69.33 मीटर दर्ज किया गया। जलस्तर का ट्रेंड स्थिर (Steady) बताया गया है। इससे फिलहाल जलस्तर में बढ़ोतरी की स्थिति नहीं है।
सीडब्ल्यूसी के अनुसार गंगा का चेतावनी स्तर 70.262 मीटर निर्धारित है, जबकि खतरे का निशान 71.262 मीटर है। शुक्रवार सुबह दर्ज जलस्तर चेतावनी बिंदु से करीब 93 सेंटीमीटर नीचे रहा। वहीं, उच्चतम बाढ़ स्तर (एचएफएल) 73.901 मीटर निर्धारित है।

गंगा का जलस्तर चेतावनी स्तर से नीचे होने के बावजूद घाटों और तटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की निगाह नदी के जलस्तर पर बनी हुई है। जलस्तर में मामूली बदलाव की स्थिति में भी निचले इलाकों और घाटों पर इसका असर पड़ सकता है। ऐसे में संबंधित विभागों की ओर से जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है।
राजघाट स्थित गेज स्थल से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर शुक्रवार सुबह नदी का प्रवाह स्थिर दर्ज किया गया। वर्तमान स्थिति में जलस्तर खतरे के निशान से करीब 1.93 मीटर नीचे है। प्रशासन और संबंधित विभाग नदी के जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि स्थिति में बदलाव होने पर समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

