55 दिन बाद गंगा में फिर शुरू हुआ नौका संचालन, नाविकों के चेहरे खिले

123
WhatsApp Channel Join Now

प्रतिबंध हटने से आजीविका की लौटी उम्मीद, निषाद समाज ने जिला प्रशासन और जल पुलिस का जताया आभार

वाराणसी। धार्मिक नगरी काशी में गंगा में नौका संचालन पर लगा प्रतिबंध हटने के बाद नाविक समाज में खुशी की लहर है। 16 अगस्त से बंद नौका संचालन करीब 55 दिनों बाद दोबारा शुरू होने से नाविकों को अपनी आजीविका पटरी पर लौटने की उम्मीद जगी है। लंबे समय से काम बंद होने के कारण आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे नाविकों ने राहत की सांस ली है।

मां गंगा निषाद राज सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद कुमार निषाद गुरु ने कहा कि नौका संचालन शुरू कराने के लिए नाविक समाज के लोगों और विभिन्न नाविक नेताओं ने लगातार प्रयास किए। सभी ने अपनी मांगों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए मेहनत की। सामूहिक प्रयासों के बाद नौका संचालन दोबारा शुरू हो सका है।

123

उन्होंने कहा कि गंगा में नाव चलाना हजारों नाविक परिवारों की आजीविका का प्रमुख साधन है। नौका संचालन बंद होने से इन परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया था। प्रतिबंध हटने से नाविकों को फिर से काम करने और परिवार का भरण-पोषण करने का अवसर मिला है।

नाविक समाज ने जताया आभार
विनोद कुमार निषाद गुरु ने नौका संचालन शुरू कराने में योगदान देने वाले सभी नाविक नेताओं और माझी समाज के लोगों के प्रति आभार जताया। उन्होंने जिला प्रशासन और जल पुलिस को भी नाविक समाज की ओर से धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस सफलता में पूरे नाविक समाज के सामूहिक प्रयासों की अहम भूमिका रही है। अब नाविकों को उम्मीद है कि गंगा में नौका संचालन सुचारु रूप से जारी रहेगा और उनकी आजीविका को स्थिरता मिलेगी।

Share this story