फर्जी भारतीय पासपोर्ट के सहारे शारजाह भागने की कोशिश, बाबतपुर एयरपोर्ट पर पकड़ाया अफगान नागरिक 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर पर इमीग्रेशन अधिकारियों ने फर्जी भारतीय पासपोर्ट के जरिए शारजाह जाने की कोशिश कर रहे एक अफगान नागरिक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से विदेशी मुद्रा के अलावा आधार कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र समेत कई भारतीय दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान अफगानिस्तान के गजनी निवासी अब्दुल रहमान ताराकी के रूप में हुई है। वह फर्जी भारतीय पहचान बनाकर शारजाह जाने का प्रयास कर रहा था। दस्तावेजों की जांच के दौरान अधिकारियों को संदेह हुआ, जिसके बाद विस्तृत पूछताछ में पूरा मामला सामने आया।

एसीपी पिंडरा प्रशांत सिंह ने बताया कि आरोपी के कब्जे से 750 अमेरिकी डॉलर, 2255 यूएई दिरहम, 2060 नेपाली मुद्रा तथा 3110 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया कि उसने भारतीय नागरिक की पहचान बनाकर फर्जी दस्तावेज तैयार कराए थे और उसी के आधार पर पासपोर्ट बनवाने का प्रयास किया।

प्रारंभिक पूछताछ में यह भी पता चला कि आरोपी वर्ष 2019 में मेडिकल अटेंडेंट वीजा पर भारत आया था। वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी वह अवैध रूप से भारत में रह रहा था। इसी दौरान उसने कथित रूप से अपना नाम, जन्मतिथि तथा माता-पिता का विवरण बदलकर भारतीय पहचान से जुड़े दस्तावेज तैयार करा लिए और भारतीय पासपोर्ट बनवाकर शारजाह भागने की कोशिश की।

पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज तैयार कराने में किन-किन लोगों की भूमिका रही। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस पूरे मामले में कोई संगठित गिरोह सक्रिय तो नहीं है।

Share this story