संस्कृत विवि के कॉलेजों में 11 दिन में पूरे करने होंगे प्रवेश, शास्त्री-आचार्य में दाखिले के लिए 31 अगस्त अंतिम तिथि

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से संबद्ध देशभर के विभिन्न राज्यों में संचालित महाविद्यालयों में शास्त्री और आचार्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रवेश के लिए 31 अगस्त की अंतिम तिथि निर्धारित की है। इस तरह संबद्ध कॉलेजों को महज 11 दिनों में प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

विश्वविद्यालय से संबद्ध यूपी, बिहार, दिल्ली, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर समेत करीब 10 राज्यों में 500 से अधिक कॉलेज संचालित हैं। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में शास्त्री और आचार्य प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से आवेदन और प्रवेश कराने का निर्णय लिया गया है।

इसको लेकर पहले 10 अगस्त की तिथि निर्धारित की गई थी, लेकिन अधिकांश महाविद्यालयों में विद्यार्थियों ने आवेदन नहीं किया था। कुलसचिव राकेश कुमार ने बताया कि 31 अगस्त तक काउंसिलिंग के साथ ही समर्थ पोर्टल में दिए गए नियम के अनुसार फीस भी ऑनलाइन जमा करानी होगी। 

अभ्यर्थियों को प्रवेश पंजीकरण के लिए 200 रुपये की फीस देनी होगी। साथ ही विश्वविद्यालय की वेबसाइट से प्रवेश आवेदन पत्र डाउनलोड कर तय समय के भीतर उसको जमा करना होगा। कुलसचिव ने बताया कि प्रवेश संबंधी पूरी जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर है।

Share this story