छठ पर्व पर घाटों और जलाशयों में सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, श्रद्धालुओं से सतर्कता बरतने की अपील

WhatsApp Channel Join Now

जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी, गहरे पानी में जाने और असुरक्षित घाटों पर पूजा करने से बचने की सलाह, नावों में लाइफ जैकेट अनिवार्य, आपात स्थिति में 1077 पर करें संपर्क

छठ महापर्व पर गंगा घाटों, तालाबों और सरोवरों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जारी किए सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश

डूबने, भगदड़, नाव दुर्घटना, विद्युत हादसे और अग्निकांड से बचाव के लिए श्रद्धालुओं, नाविकों और आयोजकों को किया जागरूक

वाराणसी। लोक आस्था के महापर्व छठ पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। गंगा घाटों, तालाबों, सरोवरों और अन्य जलाशयों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने तथा अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के मद्देनजर जिला प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी एडवाइजरी में श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित घाटों पर ही पूजा करने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि थोड़ी सी लापरवाही भी डूबने, फिसलने, भगदड़, नाव दुर्घटना, विद्युत हादसे और अग्निकांड जैसी घटनाओं का कारण बन सकती है।

प्रशासन के अनुसार छठ पर्व के दौरान घाटों और जलाशयों पर अत्यधिक भीड़ एकत्रित होती है। ऐसे में श्रद्धालुओं को नदी और तालाबों में प्रवेश करते समय जल की गहराई, बहाव और जलस्तर का विशेष ध्यान रखना चाहिए। निर्धारित सुरक्षित सीमा के भीतर रहकर ही पूजा-अर्चना करें। प्रतिबंधित, असुरक्षित और अधिक गहराई वाले स्थानों पर जाने से बचें। घाटों पर लगाई गई बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतों और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का उल्लंघन न करें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर धक्का-मुक्की, दौड़भाग और अनावश्यक रूप से रुकने से भी बचने की सलाह दी गई है।

बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर विशेष जोर
जिला प्रशासन ने बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के साथ घाटों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। अभिभावक बच्चों को अकेले नदी, तालाब या अन्य जलाशयों के किनारे न जाने दें और भीड़ में उनका हाथ पकड़कर रखें। परिवार के सभी सदस्य आपस में संपर्क बनाए रखें। बच्चों की पहचान और अभिभावक का मोबाइल नंबर उनके पास रखने की भी सलाह दी गई है। घाटों की सीढ़ियों, फिसलन वाले स्थानों और जलमग्न क्षेत्रों में धीरे-धीरे आवागमन करने को कहा गया है।

श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित घाटों का चयन करने, आने-जाने के लिए तय मार्गों का उपयोग करने और पुलिसकर्मियों व प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। घाटों पर विद्युत पोल, खुले तारों और अस्थायी विद्युत कनेक्शन से पर्याप्त दूरी बनाए रखने की हिदायत दी गई है। दीपक और अन्य पूजा सामग्री का इस्तेमाल भी सुरक्षित स्थान पर सावधानीपूर्वक करने को कहा गया है।

नावों में क्षमता से अधिक सवारी पर रोक
नाव दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने नाविकों और श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। श्रद्धालुओं से केवल अधिकृत नावों का उपयोग करने और नाव में सवार सभी लोगों के लिए लाइफ जैकेट पहनना सुनिश्चित करने की अपील की गई है। नाव में निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों को बैठाने, किनारों पर खड़े होकर यात्रा करने और अनावश्यक हलचल करने से बचने को कहा गया है। नशे की अवस्था में नदी या जलाशयों के आसपास जाने और नाव संचालन पर भी रोक संबंधी हिदायत दी गई है।

खुले तारों और आतिशबाजी से बचने की सलाह
घाटों पर अस्थायी विद्युत व्यवस्था के दौरान विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। खुले विद्युत तारों, जनरेटर, विद्युत पोल और असुरक्षित कनेक्शन को छूने से बचने की अपील की गई है। इसके साथ ही घाटों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पटाखों, आतिशबाजी और ज्वलनशील पदार्थों का प्रयोग नहीं करने की सलाह दी गई है। पूजा स्थलों पर आवागमन और निकास के रास्ते अवरुद्ध नहीं करने तथा भीड़ को नियंत्रित रखने में आयोजकों से सहयोग मांगा गया है।

डूबने की घटना पर खुद पानी में न उतरें
प्रशासन ने जल दुर्घटना की स्थिति में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। किसी व्यक्ति के डूबने या अन्य दुर्घटना होने पर तत्काल मौके पर मौजूद पुलिस, जल पुलिस या प्रशिक्षित बचाव दल को सूचना दें। स्वयं जोखिम उठाकर पानी में उतरकर बचाव का प्रयास न करें। भगदड़ या अव्यवस्था की स्थिति में घबराने के बजाय शांत रहते हुए निर्धारित निकास मार्ग से सुरक्षित स्थान की ओर बढ़ें। किसी भी अफवाह या अपुष्ट सूचना पर विश्वास नहीं करने और उसे प्रसारित नहीं करने की भी अपील की गई है।

स्वच्छता बनाए रखने की भी अपील
छठ पर्व के दौरान घाटों की स्वच्छता बनाए रखने पर भी प्रशासन ने जोर दिया है। श्रद्धालुओं से प्लास्टिक, पॉलीथिन, कूड़ा-कचरा और पूजा सामग्री नदी या जलाशयों में नहीं फेंकने को कहा गया है। पूजा सामग्री एवं अन्य अपशिष्ट निर्धारित कूड़ेदान या संग्रहण स्थलों पर ही डालने की अपील की गई है। नाविकों और आयोजकों को भी सुरक्षा व्यवस्था में प्रशासन का सहयोग करने, नावों का संचालन निर्धारित क्षेत्र में करने और घाटों पर भीड़ नियंत्रण में मदद करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने कहा है कि जल दुर्घटना, आगजनी, विद्युत हादसे, भगदड़ या किसी अन्य आपात स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों, जल पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों अथवा बचाव दल को सूचना दें। आवश्यकता पड़ने पर जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के आपदा हेल्पलाइन नंबर 1077 पर संपर्क किया जा सकता है।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जनपदवासियों, श्रद्धालुओं, आयोजकों और नाविकों से छठ महापर्व को श्रद्धा, उल्लास, अनुशासन और स्वच्छता के साथ मनाने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

BK Pathak
BK Pathak

21743 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story