पीएम मोदी के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी, चप्पे-चप्पे पर नजर
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडु, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के प्रस्तावित आगमन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस आयुक्त ने पुलिस अधिकारियों की ब्रीफिंग कर कार्यक्रम के दौरान सतर्कता और आपसी समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल, पीएसी और सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

एंटी-सबोटाज चेकिंग और सीसीटीवी से निगरानी
कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में एंटी-सबोटाज चेकिंग कराने के साथ डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते से महत्वपूर्ण स्थानों की सघन जांच कराने के निर्देश दिए गए। संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था तैयार रखने को कहा गया।
प्रवेश और निकास द्वारों पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती, प्रभावी चेकिंग और फ्रिस्किंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बिना सुरक्षा जांच किसी को प्रवेश नहीं देने तथा आमजन और वीआईपी के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास मार्ग निर्धारित करने को कहा गया। भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए मजबूत बैरिकेडिंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

सेवा संकल्प यात्रा के रूटों की समीक्षा
कार्यक्रम स्थल से जनपद के विभिन्न मार्गों से होते हुए गुजरात के वडनगर तक रवाना होने वाली बाइक रैली (सेवा संकल्प यात्रा) के निर्धारित रूटों और सुरक्षा प्रबंधों की भी समीक्षा की गई। पुलिस आयुक्त ने यात्रा के सुचारु संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त कर आवश्यक निर्देश दिए।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों और डायवर्जन प्वाइंट को चिह्नित कर प्रभावी डायवर्जन प्लान तैयार करने तथा आमजन को इसकी पूर्व जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। पार्किंग स्थलों का स्पष्ट चिन्हांकन करने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को उनके दायित्वों, डायवर्जन एवं वैकल्पिक मार्गों की जानकारी देने के निर्देश दिए गए।
ड्रोन और वायरलेस से होगी सतत निगरानी
कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखने, वायरलेस संचार प्रणाली को सक्रिय रखने और अधिकारियों के बीच त्वरित सूचना आदान-प्रदान सुनिश्चित करने को कहा गया। ब्रीफिंग में अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल, डीसीपी यातायात अनिल कुमार यादव, डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार सहित कमिश्नरेट वाराणसी और बाहरी जनपदों से आए राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

