LPG आपूर्ति को लेकर प्रशासन अलर्ट, सिलेंडर वितरण की विशेष निगरानी, डीएसओ बोले अफवाहों पर न दें ध्यान 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। वैश्विक स्तर पर युद्ध जैसी परिस्थितियों से उत्पन्न अनिश्चितता के बीच भारत सरकार एलपीजी गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में वाराणसी जनपद में भी घरेलू गैस की उपलब्धता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आ रहा है।

जिला पूर्ति अधिकारी केबी सिंह ने बताया कि प्रशासन द्वारा प्रभावी प्रबंधन और निरंतर निगरानी के माध्यम से गैस आपूर्ति को सुचारू रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद में अब तक गैस की कमी को लेकर कहीं से भी किसी प्रकार की शिकायत, विरोध या असंतोष की सूचना प्राप्त नहीं हुई है, जो प्रशासन की सतर्कता का परिणाम है।

उन्होंने आगे बताया कि गैस एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर वितरण व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि हर जरूरतमंद उपभोक्ता तक समय पर गैस सिलेंडर पहुंच सके। साथ ही कालाबाजारी या जमाखोरी जैसी किसी भी गतिविधि पर सख्ती से नजर रखी जा रही है।

जिला पूर्ति अधिकारी ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही अनावश्यक रूप से गैस का भंडारण करें। प्रशासन पूरी तरह से आश्वस्त है कि सभी उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस उपलब्ध कराई जाती रहेगी।

Share this story