त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, अपर पुलिस आयुक्त ने देखी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था, मातहतों को दिए जरूरी निर्देश 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। आगामी त्योहारों को लेकर कमिश्नरेट पुलिस अलर्ट है। अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा ने मंगलवार की शाम शहर में प्रमुख मार्गों और स्थलों पर भ्रमण कर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था देखी। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 

एसीपी ने भेलूपुर ब्राडवे होटल, रेवड़ी तालाब, गोदौलिया, रामापुरा, श्री काशी विश्वनाथ धाम, मैदागिन चौराहा समेत विभिन्न स्थानों का भ्रमण किया। उन्होंने प्रमुख मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था आदि को लेकर निर्देश दिए। कहा कि प्रमुख शिवालयों और मार्गों की सतत निगरानी रखी जाए। बारावफात जुलूस के दौरान पूरे मार्ग का सत्यापन कर बाधाओं को समय से दूर कराया जाए। जरूरत के हिसाब से जगह-जगह बैरिकेडिंग कराई जाए। उन्होंने कहा कि जुलूस के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की ड्यूटी निर्धारित करते हुए प्रत्येक प्वाइंट पर जिम्मेदार अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। जुलूस के दौरान किसी भी स्थान पर अनावश्क भीड़ इकट्ठा न होने पाए। 

123

उन्होंने कहा कि जुलूस वाले मार्गों पर धार्मिक स्थलों, संवेदनशील स्थानों और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए तथा स्थानीय स्तर पर निगरानी रखी जाए। प्रमुख स्थलों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाए। यदि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना दें। जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था बाधित नहीं होनी चाहिए। 

उन्होंने गोदौलिया, रामापुरा, रेवड़ी तालाब, बड़ावीर तिराहा सहित प्रमुख चौराहों पर यातायात पुलिस की पर्याप्त तैनाती कर यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के निर्देश दिए। जुलूस मार्गों पर बिजली के तार, खुले निर्माण कार्य, अतिक्रमण, सड़क पर रखी सामग्री और अन्य तरह की बाधाओं को संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर तत्काल हटवाया जाए। उन्होंने थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक कराने के निर्देश दिए। 

123

उन्होंने महिला सुरक्षा के मद्देनजर भीड़ वाले स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती, एंबुलेंस, फायर सर्विस के साथ ही अन्य आवश्यक सेवाओं को मुस्तैद रखने पर जोर दिया। कहा कि सभी पुलिस अधिकारी ड्यूटी के दौरान अत्यधिक सतर्कता, संयम व संवेदनशीलता के साथ काम करें तथा किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करें।   

उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों को सकुशल और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना कमिश्नरेट पुलिस की जिम्मेदारी है। इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। कहा कि सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जाए। किसी प्रकार की अशांति फैलाने वाले अवांछनीय तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this story