वाराणसी के ADM सिटी आलोक कुमार भेजे गये सुल्तानपुर, जिले के कई अफसर इधर से उधर, यूपी में 84 PCS अफसरों के तबादले

WhatsApp Channel Join Now

लखनऊ/वाराणसी। उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार को बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 84 पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस फेरबदल में एडीएम और एसडीएम स्तर के कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वाराणसी में भी प्रशासनिक ढांचे में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं, जहां कई महत्वपूर्ण पदों पर नए अधिकारियों की तैनाती की गई है।

सबसे चर्चित तबादलों में कानपुर नगर में अपर जिलाधिकारी (नगर) के पद पर तैनात रहे राजेश कुमार 6 को वाराणसी का नया अपर जिलाधिकारी (नगर) बनाया गया है। वहीं वर्तमान एडीएम सिटी आलोक कुमार का तबादला मुख्य राजस्व अधिकारी सुल्तानपुर के पद पर किया गया है।

नगर निगम और प्रशासनिक विभागों में भी फेरबदल
वाराणसी नगर निगम में तैनात अपर नगर आयुक्त सविता का तबादला अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, स्टेट एजेंसी फॉर कॉम्प्रीहेंसिव हेल्थ एंड इंटेग्रेटेड सर्विसेस के पद पर किया गया है। वहीं अपर नगर आयुक्त संगम लाल को एटा का अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) बनाया गया है।

वाराणसी में एडीएम प्रशासन के पद पर तैनात विपिन कुमार का तबादला एडीएम फाइनेंस, इटावा के पद पर हुआ है। उनकी जगह अब तक अलीगढ़ में एडीएम प्रशासन के रूप में कार्यरत पंकज कुमार को वाराणसी का नया अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) बनाया गया है।

अनूप कुमार बने वाराणसी के नए अपर नगर आयुक्त
बाल विकास एवं पुष्टाहार निदेशालय में संयुक्त निदेशक के पद पर कार्यरत अनूप कुमार को वाराणसी नगर निगम में अपर नगर आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके आने से नगर निगम प्रशासन में नई कार्यशैली और योजनाओं को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

प्रदेश सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को आगामी योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से देखा जा रहा है। वाराणसी समेत कई जिलों में नए अधिकारियों की तैनाती के बाद प्रशासनिक गतिविधियों में बदलाव की संभावना जताई जा रही है।

Share this story