घर बैठे हेल्पलाइन पर संपर्क कर हटवाएं ई-वेस्ट, पर्यावरण को जहरीले तत्वों से बचाने की पहल

WhatsApp Channel Join Now

ई-कचरा निस्तारण के लिए 8335955000 पर करें संपर्क, तय समय पर घर पहुंचेगी टीम

फोन पर तय होगा पिकअप का समय और दिन, घर पहुंचकर टीम करेगी इलेक्ट्रॉनिक कचरे का संग्रह

ई-वेस्ट में मौजूद सीसा, पारा और कैडमियम पर्यावरण के लिए हानिकारक, मिट्टी और जल स्रोतों को प्रदूषित होने से बचाने पर जोर

वाराणसी। घरों से निकलने वाले इलेक्ट्रॉनिक कचरे यानी ई-वेस्ट के समुचित निस्तारण के लिए नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 8335955000 पर संपर्क कर घर से ही ई-वेस्ट हटवाया जा सकता है। संपर्क करने के बाद पिकअप के लिए सुविधाजनक तिथि और समय निर्धारित किया जाएगा। तय समय पर टीम संबंधित घर पहुंचकर ई-कचरा एकत्र करेगी।

पर्यावरण के जानकार आरके सिंह ने बताया कि ई-वेस्ट को सामान्य कचरे के साथ फेंकने से पर्यावरण पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में मौजूद सीसा, पारा, कैडमियम और निकल जैसे विषैले तत्व मिट्टी में मिलकर उसकी उर्वरता को प्रभावित करते हैं। बारिश के पानी के साथ ये हानिकारक रसायन भूजल, नदियों, झीलों और अन्य जलस्रोतों तक पहुंच सकते हैं। इससे पीने के पानी के दूषित होने का खतरा रहता है।

उन्होंने बताया कि ई-वेस्ट के अनुचित निस्तारण से क्लोरोफ्लोरोकार्बन, बेरियम समेत अन्य विषैले रसायन भी वातावरण में फैल सकते हैं। ऐसे में इलेक्ट्रॉनिक कचरे को सामान्य घरेलू कचरे में फेंकने के बजाय निर्धारित प्रक्रिया के तहत निस्तारित करना जरूरी है। नागरिक हेल्पलाइन पर संपर्क कर अपने घर से ई-वेस्ट उठवाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकते हैं।

Share this story