रेलवे बोर्ड के अतिरिक्त सदस्य सोमेश कुमार ने किया बरेका का निरीक्षण, लोको निर्माण की प्रक्रिया, तकनीकी दक्षता और गुणवत्ता देखी

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रेलवे बोर्ड के अतिरिक्त सदस्य (ट्रैक्शन) सोमेश कुमार ने शनिवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने लोको फ्रेम शॉप, लोको असेंबली शॉप और लोको टेस्ट शॉप का निरीक्षण कर लोको निर्माण की प्रक्रिया, आधुनिक तकनीक, उत्पादन क्षमता, गुणवत्ता और संरक्षा मानकों की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान सोमेश कुमार ने अमृत भारत लोको के कैब का भी जायजा लिया। उन्होंने लोको निर्माण की विभिन्न प्रक्रियाओं और तकनीकी पहलुओं को समझने के साथ संबंधित अधिकारियों से उत्पादन से जुड़ी जानकारी ली। उन्होंने निर्माण प्रक्रिया में अपनाई जा रही तकनीक, गुणवत्ता नियंत्रण और उत्पादन से जुड़े विषयों पर अधिकारियों के साथ चर्चा की।

123

उत्पादन और तकनीकी प्रगति की समीक्षा
इसके बाद प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में सोमेश कुमार की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार ने उनका स्वागत किया। बैठक में बरेका की उत्पादन गतिविधियों, लोको निर्माण, तकनीकी प्रगति, गुणवत्ता और विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई।

मुख्य विद्युत इंजीनियर (लोको) अरविंद कुमार जैन, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (विद्युत) अनुराग गुप्ता, मुख्य विद्युत इंजीनियर (निरीक्षण) भारद्वाज चौधरी, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (डीजल) प्रवीण कुमार तथा मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) राम जन्म चौबे ने अपने-अपने विभागों की गतिविधियों और तकनीकी प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की।

123

बैठक में मुख्य सामग्री प्रबंधक (लोको) अमित वर्मा, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेकशील और प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य, मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Share this story