अपर पुलिस आयुक्त ने परखी रथयात्रा मेले की सुरक्षा व्यवस्था, ड्रोन, बॉडी वार्न और सीसीटीवी कैमरों से चप्पे-चप्पे की होगी निगरानी 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। ऐतिहासिक रथयात्रा मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। गुरुवार को अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्तों तथा संबंधित थाना प्रभारियों के साथ रथयात्रा मेला क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।

123

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में स्थापित सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम और यातायात प्रबंधन की समीक्षा की। अपर पुलिस आयुक्त ने बताया कि इस वर्ष श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पहले की अपेक्षा अधिक व्यवस्थित और वैज्ञानिक ढंग से बैरिकेडिंग की गई है, जिससे दर्शनार्थियों का प्रवेश और निकास सुचारू रूप से संचालित हो सके। महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और बच्चों के लिए अलग एवं सुरक्षित मार्ग भी बनाए गए हैं।

मेले की सुरक्षा को हाईटेक बनाने के लिए पूरे क्षेत्र की निगरानी ड्रोन और उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी। सभी कैमरों और ड्रोन की लाइव मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम से 24 घंटे होगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी बॉडी वॉर्न कैमरा पहनकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे, जिससे पुलिस कार्रवाई में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे।

123

अपर पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पुलिसकर्मी समय से ड्यूटी स्थल पर पहुंचें और बिना अनुमति ड्यूटी न छोड़ें। प्रत्येक सेक्टर एवं जोन प्रभारी नियमित पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करें। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वॉड को लगातार सक्रिय रखने तथा चेन स्नैचिंग, जेबकतरी और अन्य अपराधों की रोकथाम के लिए सादे कपड़ों में पुलिस टीमों की तैनाती के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता, मेटल डिटेक्टर, पीए सिस्टम, खोया-पाया केंद्र और आपातकालीन कॉरिडोर को भी पूरी तरह सक्रिय रखने पर जोर दिया गया।
 


पुलिस ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए होटल, धर्मशाला और गेस्ट हाउसों का नियमित सत्यापन कराने के निर्देश भी जारी किए हैं। आमजन से अपील की गई है कि वे प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या कंट्रोल रूम को दें, ताकि रथयात्रा मेला शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया जा सके।

Share this story