एडीसीपी ने रामेश्वर महादेव मंदिर का लिया जायजा, परखी सुरक्षा व्यवस्था, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर दिए सख्त निर्देश
वाराणसी। सावन माह के प्रथम सोमवार और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुचारु व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए गोमती ज़ोन पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में अपर पुलिस उपायुक्त (गोमती ज़ोन) नृपेन्द्र कुमार ने श्री रामेश्वर महादेव मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मातहतों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ सहायक पुलिस आयुक्त राजातालाब वीर सिंह, जंसा थाना प्रभारी सत्यजीत सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मंदिर परिसर, दर्शन मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थल, कांवड़ मार्ग, कंट्रोल प्वाइंट और यातायात व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके अलावा मंदिर परिसर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की भी जांच की गई, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल नजर रखी जा सके।

अपर पुलिस उपायुक्त ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों के साथ विनम्र, संयमित और सहयोगात्मक व्यवहार करें। उन्होंने कहा कि भीड़ प्रबंधन के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए तथा संदिग्ध व्यक्तियों और लावारिस वस्तुओं पर लगातार निगरानी रखी जाए। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों और मंदिर प्रबंधन समिति के साथ सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके लिए पार्किंग, बैरिकेडिंग, आवागमन और दर्शन मार्ग को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ यात्रियों के सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन, मंदिर में शांतिपूर्ण दर्शन-पूजन तथा क्षेत्र में सुचारु यातायात संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। गोमती ज़ोन पुलिस ने श्रावण माह और कांवड़ यात्रा को लेकर व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण वातावरण में भगवान शिव के दर्शन कर सकें।

