एडीसीपी गोमती ने राजातालब मार्ग पर भ्रमण कर देखी यातायात व सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी, अतिक्रमण और हाईवे सुरक्षा पर दिए सख्त निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रखने के उद्देश्य से अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नृपेन्द्र ने बुधवार को थाना राजातालाब क्षेत्र में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान कस्बा राजातालाब के प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने यातायात और सुरक्षा व्यवस्था के बाबत जरूरी निर्देश दिए। 

123

पैदल गश्त के दौरान एडीसीपी ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अपराध की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने दुकानदारों और प्रतिष्ठान संचालकों से संवाद करते हुए अपने प्रतिष्ठानों पर अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की। साथ ही फुटपाथ और सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण न करने तथा यातायात व्यवस्था में सहयोग करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एडीसीपी ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को प्राथमिकता देते हुए हाईवे के किनारे खड़े वाहनों के विरुद्ध प्रभावी चालान कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे खड़े वाहन दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं, इसलिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाए।

इसके अलावा होटल, ढाबों और अन्य सार्वजनिक प्रतिष्ठानों की नियमित जांच करने, वहां आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने तथा सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। पैदल गश्त के दौरान थाना राजातालाब के प्रभारी निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से संवाद कर सुरक्षा संबंधी सुझाव भी लिए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

Share this story