आदमपुर जोन को मिलेगी जलजमाव से राहत, औसानगंज से संपूर्णानंद विश्वविद्यालय तक बिछेगी नई सीवरलाइन, 17.52 करोड़ की परियोजना का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। नगर निगम की ओर से शहर की सीवरेज और जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शुक्रवार को शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के आदमपुर जोन में 17.52 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली नई सीवर और जल निकासी परियोजना का विधिवत शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में महापौर अशोक कुमार तिवारी तथा दक्षिणी विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने संयुक्त रूप से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिलापट्ट का अनावरण कर नारियल फोड़ते हुए कार्य का शुभारंभ किया।

123

जैतपुरा स्थित वार्ड नंबर 93 के बंगाली बाबू के बगीचे में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस अवसर पर महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में काशी को आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त शहर बनाने का कार्य निरंतर जारी है। उन्होंने कहा कि सीवर और जल निकासी की समस्या शहर के पुराने इलाकों में लंबे समय से बनी हुई थी, जिसे दूर करने के लिए यह परियोजना बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी।

परियोजना के अंतर्गत औसानगंज चौराहे से शुरू होकर ईश्वरगंगी, नाटी इमली और धूपचंडी होते हुए संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय तक लगभग 2010 मीटर लंबी नई सीवर पाइप लाइन बिछाई जाएगी। नगर निगम के अनुसार इस कार्य को अगले छह महीनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 

123

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि योजना के पूर्ण होने के बाद नागकुआं, जैतपुरा, छमुहानी, डिगिया, राजापुरा, ईश्वरगंगी और नाटी इमली जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में बरसात के दौरान होने वाले जलभराव और सीवर ओवरफ्लो की समस्या से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे विशेष रूप से बागेश्वरी वार्ड, ईश्वरगंगी वार्ड और धूपचंडी वार्ड के हजारों नागरिक लाभान्वित होंगे।

दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल विकास कार्यों की घोषणा करना नहीं, बल्कि उन्हें समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना है। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। कार्यक्रम का संचालन राजेश सेठ ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मध्यमेश्वर मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर गुप्ता ‘बंटी’ ने दिया। इस दौरान कई पार्षद, सामाजिक कार्यकर्ता, भाजपा पदाधिकारी और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।

Share this story