Actress Akanksha Dubey Case : आरोपित गायक समर सिंह की जमानत याचिका खारिज !    

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में जेल में बंद आजमगढ़ निवासी गायक समरजीत सिंह उर्फ समर के जमानत प्रार्थना पत्र पर शुक्रवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय कृष्ण विश्वेश की अदालत में सुनवाई हुई। अदालत में आकांक्षा की मां मधु दुबे के अधिवक्ता शशांक शेखर त्रिपाठी ने जमानत प्रार्थना पत्र का विरोध किया। इस दौरान बचाव पक्ष के वकील ने भी तर्क प्रस्तुत किये। कोर्ट ने सुनवाई के बाद आरोपित समरजीत सिंह का जमानत प्रार्थना पत्र खारिज कर दिया। इसकी जानकारी फिल्म अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे के अधिवक्ता शशांक शेखर त्रिपाठी ने दी। उन्होंने कहाकि आदेश की जानकारी मिली है। लेकिन आदेश की कापी अभी नही मिली है। आदेश की प्रति शनिवार को मिलने की उम्मीद है।

akancha

अधिवक्ता शशांक शेखर त्रिपाठी, राजकुमार तिवारी, आनंद कुमार पाठक, अशोक कुमार यादव, अनिल कुमार पाण्डेय, प्रेम प्रकाश सिंह गौतम, गुड्डू चेगवेवारा, विनय कुमार त्रिपाठी, कृष्णमोहन पांडेय, विभूति नारायण पाण्डेय,दीपक वर्मा और निशा उपाध्याय कोर्ट में उपस्थित हुए। अधिवक्ताओं ने कहाकि आकांक्षा दुबे की मृत्यु के संदर्भ में वादिनी की मां के तहरीर पर थाना सारनाथ में 306 आईपीसी में मुकदमा दर्ज हुआ। बाद में 323, 506 तरमीम होकर न्यायालय में रिपोर्ट आई। जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय कृष्ण विश्वेश की अदालत में दोनों तरफ से जोरदार बहस के बाद जिला जज ने समर सिंह का जमानत प्रार्थना पत्र खारिज कर दिया गया। सबसे महत्वपूर्ण तथ्य यह रहा कि समर सिंह द्वारा बार-बार यह कहा जाता रहा कि समर सिंह घटना के समय गोरखपुर में था। परंतु सीडीआर में समर सिंह की लोकेशन वाराणसी में पाई गई।

akancha

गौरतलब है कि पिछले बुधवार को भी समरजीत उर्फ समर की जमानत पर सुनवाई हुई थी। मधु दुबे के अधिवक्ता शशांक शेखर त्रिपाठी की ओर से कहा गया था कि कहाकि फास्ट ट्रैक कोर्ट प्रथम/सिविल जज जूनियर डिविजन शक्ति सिंह की अदालत ने वादिनी मुकदमा का 164 का बयान दर्ज करवाने का आदेश दिया है। इसे जमानत प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के पूर्व तलब क्या जाना अत्यंत आवश्यक व न्याय संगत है। इस पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने 19 मई को सुनवाई की तिथि निर्धारित की थी। इसके साथ ही अदालत ने आकांक्षा की सारनाथ स्थित जिस होटल में संदिग्ध हालात में फांसी पर लटकती लाश मिली थी उस होटल और आकांक्षा की मौत से पहले महमूरगंज स्थित जिस बार में पार्टी हुई थी उसका सीसीटीवी फुटेज मंगाए जाने का आदेश दिया था। 

akancha

गौरतलब है कि बनारस में फिल्म की शूटिंग के लिए टीम के साथ आई भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की 25 मार्च की रात सारनाथ स्थित एक होटल के कमरे में संदिग्ध हालात में फांसी पर लटकती लाश मिली थी। इस मामले में मां मधु दुबे ने भोजपुरी गायक और आकांक्षा के ब्वाय फ्रैंड समरजीत सिंह और उसके भाई संजय सिंह पर साजिश के तहत हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। आरोप है कि पुलिस ने तहरीर बदलवाकर आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद से अधिवक्ता शशांक शेखर त्रिपाठी और मां मधु दुबे पुलिस की कार्यशैली पर लगातार सवाल उठाते रहे। 
 

Share this story